Search

 
 
 

झारखंड राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए CUJ में चयन ट्रायल 14-15 सितंबर को

Ranchi News : यह चयन ट्रायल फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (PEFI), झारखंड चैप्टर के सहयोग से आयोजित होने वाले ‘खेल महोत्सव 2026’ के तहत झारखंड राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए किया जा रहा है. राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 24 और 25 सितंबर 2026 को होगा.
 
फाइल फोटो

Ranchi News : केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (CUJ) के विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और राज्य स्तर पर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलने जा रहा है. विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स विंग की ओर से विभिन्न खेलों में प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन के लिए 14 और 15 सितंबर 2026 को चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा. इसमें विश्वविद्यालय के इच्छुक छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे.

 

यह चयन ट्रायल फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (PEFI), झारखंड चैप्टर के सहयोग से आयोजित होने वाले ‘खेल महोत्सव 2026’ के तहत झारखंड राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए किया जा रहा है. राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 24 और 25 सितंबर 2026 को होगा.

 

पोस्टर के अनुसार खेल महोत्सव में फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, योगासन, एथलेटिक्स और कराटे सहित विभिन्न खेलों को शामिल किया गया है. इन खेलों में रुचि रखने वाले विद्यार्थी चयन ट्रायल में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं.

 

ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों के खेल कौशल, प्रदर्शन और प्रतिभा का आकलन किया जाएगा. बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा. चयनित खिलाड़ी केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए झारखंड राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे.

 

विश्वविद्यालय की ओर से इच्छुक विद्यार्थियों और खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि पर समय से चयन स्थल पर पहुंचने की अपील की गई है. खिलाड़ियों को उचित खेल पोशाक और आवश्यक खेल सामग्री के साथ पूरी तैयारी में आने को कहा गया है. चयन ट्रायल से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स विंग में कार्यरत स्पोर्ट्स कोचों से संपर्क करने की सलाह दी गई है.

 

स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ. राजेश कुमार ने इच्छुक विद्यार्थियों और खिलाड़ियों से चयन ट्रायल में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा को पहचानने और उसे बेहतर मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलना चाहिए. राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों का प्रदर्शन विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय होगा.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही