- चोरी के 80 से अधिक सोने-चांदी के जेवर बरामद
Seraikela News : सरायकेला-खरसावां जिले के आमदा ओपी (खरसावां थाना) की पुलिस ने बंद और सुनसान घरों में चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने गुलगुलिया बस्ती में छापेमारी कर गिरोह के सरगना ललन सिंह मोदी उर्फ टीका सिंह मोदी को गिरफ्तार किया है. उसके घर से 80 से अधिक सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं.
सरायकेला की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इसे भी पढ़ें
पुलिस को 19 अगस्त की दोपहर सूचना मिली थी कि खरसावां थाना के आमदा ओपी में दर्ज कांड संख्या 36/26 और 37/26 में चोरी किए गए जेवर ललन सिंह मोदी के घर में छिपाकर रखे गए हैं. इसके बाद एसपी मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर पुलिस की टीम गठित की गई. टीम ने गुलगुलिया बस्ती स्थित ललन सिंह मोदी के घर में छापेमारी की.
पुलिस के पहुंचते ही घर में मौजूद कुछ लोग भागने लगे. पुलिस ने पीछा कर ललन सिंह मोदी को पकड़ लिया. इसके बाद घर की तलाशी ली गई. टीन की अलमारी के नीचे रखे एक झोले से प्लास्टिक की पोटली बरामद हुई. पोटली खोलने पर उसमें बड़ी संख्या में सोने-चांदी के आभूषण मिले. जेवरों के संबंध में वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका.
बरामद जेवरों में 21 बड़ी-छोटी पायल, 9 सोने की लॉकेट, झुमका, नथिया, ताबीज, दो चांदी के पंजे, बच्चों के 7 बेरवा, दो ब्रेसलेट, तीन गले की चेन, बिछिया, अंगूठी, त्रिशूल, दुर्गा लॉकेट व दो चांदी के बिस्कुट शामिल हैं. कुल 80 से अधिक जेवर व अन्य कीमती सामान पुलिस के हाथ लगे हैं.
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान ललन सिंह मोदी ने बंद घरों में चोरी करने की बात स्वीकार की है. उसने बताया कि वह अपने बेटे अनु मोदी, रौशन मोदी और बहुओं रूपा मोदी व कुंती मोदी के साथ मिलकर सरायकेला, खरसावां और आमदा क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था. कागजी प्रक्रिया के बाद ललन मोदी को जेल भेज दिया गया. पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

