Seraikela News : सरायकेला-खरसावां जिले में मतदाता सूची को सही और अपडेट करने के लिए सोमवार से विशेष अभियान शुरू हो गया है. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहा यह अभियान 4 सितंबर तक जारी रहेगा. इस अभियान के तहत BLO अब घर-घर पहुंचेंगे. वे परिवार के सदस्यों और मतदाता सूची में दर्ज नामों का मिलान करेंगे.
इसे भी पढ़ें
अभियान का मुख्य उद्देश्य यह देखना है कि एक परिवार में रहने वाले सभी पात्र लोगों का नाम सही मतदान केंद्र की सूची में दर्ज है या नहीं. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रह जाए. BLO घर पर जाकर मतदाताओं से जरूरी जानकारी लेंगे. इस दौरान लोग अपने और परिवार के अन्य पात्र सदस्यों की जानकारी ध्यान से जांच सकते हैं.
डीसी ने मतदाताओं से की अपील
सरायकेला डीसी नितिश कुमार सिंह ने लोगों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि BLO के घर पहुंचने पर परिवार के सभी पात्र सदस्यों की जानकारी ध्यान से जांचें. अगर मतदाता सूची में कोई गलती है या किसी जानकारी में सुधार की जरूरत है, तो तय समय के भीतर दावा-आपत्ति जरूर दर्ज करें.
घरों पर लगाए जाएंगे ‘फैमिली टुगेदर’ स्टिकर
मतदाता सूची के सत्यापन को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए घरों पर ‘फैमिली टुगेदर’ स्टिकर भी लगाए जा रहे हैं. मतदाताओं को किसी तरह की जानकारी या सहायता चाहिए तो वे 1950 हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा ECINET की सुविधा से भी मतदाता संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

