- उपाध्यक्ष के आश्वासन पर सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म
- अविनाश कवि ने कहा-अगर वेतन नहीं मिला तो गुरुवार से सफाई कर्मियों के साथ खुद धरने पर बैठेंगे
Seraikela : तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए सरायकेला नगर पंचायत के सफाई कर्मियों ने नगर पंचायत के उपाध्यक्ष अविनाश कवि के आश्वासन के बाद हड़ताल खत्म कर दी है. हालांकि सफाई कर्मियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि बुधवार तक भुगतान नहीं हुआ तो गुरुवार से फिर से हड़ताल पर बैठेंगे.
सफाई कर्मियों के अनुसार, नगर पंचायत के उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि बुधवार तक बकाया वेतन का भुगतान कराने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने साफ कहा है कि यदि बुधवार को सफाई कर्मियों के वेतन का भुगतान नहीं हुआ, तो वे गुरुवार से स्वयं सफाई कर्मियों के साथ धरने पर बैठेंगे.
इसे भी पढ़ें
तीन महीने से वेतन का इंतजार कर रहे सफाई कर्मियों के लिए अब बुधवार का दिन निर्णायक माना जा रहा है. कर्मियों का कहना है कि उन्हें लगातार आश्वासन मिलता रहा है. लेकिन अब वे और इंतजार करने की स्थिति में नहीं हैं.
उपाध्यक्ष के आश्वासन के बाद उन्होंने फिलहाल काम पर लौटने का निर्णय लिया है. लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया है कि यदि बुधवार तक भुगतान नहीं हुआ तो गुरुवार से फिर हड़ताल शुरू की जाएगी.
अब सवाल यह है कि क्या नगर पंचायत प्रशासन बुधवार तक सफाई कर्मियों के बकाया वेतन का भुगतान कर पाएगा, या फिर एक बार फिर आश्वासन और इंतजार का सिलसिला शुरू होगा.
फिलहाल गेंद नगर पंचायत प्रशासन के पाले में है.
बुधवार को होने वाला वेतन भुगतान ही तय करेगा कि सफाई व्यवस्था सामान्य रहती है या गुरुवार से नगर पंचायत में फिर झाड़ू थम जाती है.

