- लैपटॉप और टैब छोड़ गए
Seraikela Kharsawa : जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय पितकी को चोरों ने निशाना बनाया. बीती रात चोर स्कूल का ताला तोड़ मिड-डे मील किचन से चावल की चार बोरी, दो गैस सिलेंडर और बर्तन ले गए. वहीं, कार्यालय में रखे लैपटॉप, टैब और म्यूजिक सिस्टम को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया.
चोरी का पता गुरुवार सुबह उस समय चला, जब सहायक शिक्षिका ऑलिव धनवार रोज की तरह स्कूल पहुंचीं. उन्होंने देखा कि स्कूल के मुख्य गेट, कार्यालय और किचन रूम का ताला टूटा हुआ है. इसकी जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान सह विद्यालय अध्यक्ष गौरी शंकर सिंह भी मौके पर पहुंचे.
जांच के दौरान स्कूल के मुख्य गेट के पास एक गैस सिलेंडर बोरे में बंधा हुआ पड़ा मिला. इससे आशंका जताई जा रही है कि चोर सामान ले जाने की तैयारी में थे. वहीं, कार्यालय में रखी तीन अलमारियां खुली मिलीं. हालांकि, चोरों ने उनमें रखा लैपटॉप, टैब और म्यूजिक सिस्टम नहीं चुराया.
इसे भी पढ़ें
प्रधानाध्यापक शिवराम गोप के अनुसार, चोरी की घटना रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई है. घटना की जानकारी विद्यालय प्रबंधन की ओर से ग्राम प्रधान सह विद्यालय अध्यक्ष गौरी शंकर सिंह, बीआरसी नीमडीह और नीमडीह थाना को लिखित आवेदन देकर दी गई है.
चोरी की वजह से स्कूल में मिड-डे मील की व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन गई है. स्कूल में करीब 125 बच्चे पढ़ते हैं और उनके लिए मिड-डे मील की व्यवस्था आज तत्काल शुरू रखने की बात कही गई है.
ग्रामीणों ने बताया कि पितकी गांव में पहले भी कुछ घरों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं. ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल में भी यह दूसरी बार चोरी हुई है. स्कूल जैसी जगह पर बार-बार चोरी की घटना होने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं. ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की है.

