Dhanbad News: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में नॉन इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के कारण नवंबर और दिसंबर में रेल परिचालन प्रभावित रहेगा. इस कार्य के कारण कई लंबी दूरी की ट्रेनें अलग-अलग तिथियों में रद्द की गई हैं, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है. गोरखपुर–संबलपुर और संबलपुर–गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस का परिचालन भी निर्धारित तिथियों में हटिया तक सीमित रहेगा. वहीं धनबाद–अल्लेपी एक्सप्रेस को एक दिन 90 मिनट विलंब से रवाना किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें:
20 ट्रेनों का परिचालन रहेगा रद्द
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार चर्लपल्ली–दरभंगा, दरभंगा–चर्लपल्ली, विशाखापत्तनम–बनारस, बनारस–विशाखापत्तनम, पोत्तनूर–धनबाद अमृत भारत, धनबाद–पोत्तनूर अमृत भारत, संबलपुर–जम्मूतवी, जम्मूतवी–संबलपुर, तिरुपति–रक्सौल, रक्सौल–तिरुपति, मालदा टाउन–सूरत, सूरत–मालदा टाउन, गया–लोकमान्य तिलक, लोकमान्य तिलक–गया, भुवनेश्वर–धनबाद, धनबाद–भुवनेश्वर, हैदराबाद–रक्सौल, रक्सौल–हैदराबाद, वास्को दा गामा–जसीडीह और जसीडीह–वास्को दा गामा एक्सप्रेस अलग-अलग तिथियों में रद्द रहेंगी.
दो ट्रेनों के बदले जाएंगे मार्ग
नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण दो ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा. 12 दिसंबर को भुवनेश्वर से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली ट्रेन संख्या 22805 कटक, भद्रक, हिजली, मेदिनीपुर, आद्रा और गोमो होकर चलेगी.
वहीं आनंद विहार टर्मिनल से भुवनेश्वर जाने वाली ट्रेन संख्या 22806 को 14 और 21 दिसंबर को गोमो, आद्रा, मेदिनीपुर, हिजली, भद्रक और कटक के रास्ते चलाया जाएगा.
हटिया तक ही चलेगी मौर्य एक्सप्रेस
गोरखपुर–संबलपुर मौर्य एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15028 का 30 नवंबर, 6 दिसंबर, 8 दिसंबर से 15 दिसंबर तक निर्धारित तिथियों में आंशिक समापन हटिया स्टेशन पर किया जाएगा.यानी इन दिनों ट्रेन संबलपुर तक नहीं जाएगी.
इसके विपरीत, संबलपुर–गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15027 का 1 दिसंबर, 7 दिसंबर और 9 दिसंबर से 16 दिसंबर तक निर्धारित तिथियों में आंशिक प्रारंभ हटिया स्टेशन से होगा. यात्रियों को इन तिथियों में हटिया से आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी.
धनबाद-अल्लेपी 90 मिनट देर से खुलेगी
12 दिसंबर को धनबाद से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 13351 धनबाद–अल्लेपी एक्सप्रेस को रेलवे ने 90 मिनट पुनर्निर्धारित किया है. ट्रेन निर्धारित समय से डेढ़ घंटे देर से धनबाद स्टेशन से रवाना होगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

