National News: केरलम में कोट्टापुझा नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ में अब तक पांच लोगों की मौत हो गई है. घटना मलप्पुरम जिले के निलांबुर स्थित चोक्कड़ क्षेत्र की है. जहां मूसलाधार बारिश से कोट्टापुझा नदी का जलस्तर बढ़ गया. जिससे टीके नगर के पास तेज बहाव में 6 पर्यटक बह गए.
इसे भी पढ़ें:
घटना के बाद एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाकर सोमवार सुबह तक पांच शव बरामद किए हैं. संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं और प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है.
राज्य के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश से हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं. रविवार शाम को ही इडुक्की और कोट्टायम जिलों में भूस्खलन की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई.
भारत मौसम विभाग ने केरल के छह प्रमुख जिलों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार पत्तनमथिट्ठा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एणार्कुलम और त्रिशूर में 115.6 मिमि से लेकर 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है.
इसके अलावा 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई है. कोल्लम, पलक्कड़ और किन्नूर जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

