Ranchi : झारखंड में गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज देने के लिए आईसीयू सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. इसी कड़ी में सोमवार को बीएनआर चाणक्या में इंटेंसिव केयर सर्विसेज पर एक दिवसीय राज्य स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को हब और स्पोक मॉडल के आधार पर विकसित किया जाएगा. इसके तहत रिम्स और जिला अस्पतालों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा.

उन्होंने बताया कि राज्य के चार प्रमुख अस्पतालों को टेली आईसीयू के माध्यम से रिम्स से जोड़ा गया है. आगे निजी अस्पतालों को भी इस नेटवर्क में शामिल करने की योजना है, ताकि दूरदराज के मरीजों को विशेषज्ञ सलाह मिल सके.
उन्होंने बताया कि राज्य में फिलहाल करीब 28000 बेड उपलब्ध हैं, जिसमें सरकारी और निजी अस्पतालों की भागीदारी बराबर है. नियम के अनुसार, कुल बेड का 15 प्रतिशत यानी करीब 4200 आईसीयू बेड होने चाहिए, जबकि अभी 1000 से भी कम आईसीयू बेड उपलब्ध हैं. इस कमी को दूर करने के लिए 3 से 4 साल का रोडमैप तैयार किया गया है. साथ ही राज्य में कुल बेड की संख्या बढ़ाकर 60000 करने का लक्ष्य रखा गया है.
अजय कुमार सिंह ने कहा कि 18 जिलों में आईसीयू बेड की कमी है. इसे दूर करने के लिए रिम्स के सहयोग से स्वास्थ्य कर्मियों को वेंटिलेटर और आईसीयू प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि अस्पतालों में मशीन और उपकरणों की कमी नहीं होने दी जाएगी और सरकार समय पर संसाधन उपलब्ध कराएगी.
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि मरीजों को बिना जरूरत रेफर न किया जाए. रेफर करने से पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि जिस अस्पताल में मरीज भेजा जा रहा है, वहां बेड और आवश्यक सुविधा उपलब्ध हो. उन्होंने कहा कि हब एंड स्पोक मॉडल लागू होने से रिम्स और रांची सदर अस्पताल पर दबाव कम होगा.
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि एसओपी के तहत सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में आईसीयू और सीसीयू सेवाओं को मानक के अनुसार संचालित किया जाएगा. कार्यक्रम में विभिन्न डॉक्टरों और विशेषज्ञों ने आईसीयू प्रबंधन और प्रशिक्षण से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे. सम्मेलन में मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य, सिविल सर्जन और निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment