Ranchi News: केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (CUJ) में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों से मंगलवार को SFI झारखंड की टीम ने मुलाकात की. SFI के राज्य संयोजक दानिश और ओजस्वी राज ने आंदोलनरत विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और मांगों की जानकारी ली. इस दौरान SFI ने छात्रों के आंदोलन के प्रति अपना समर्थन जताया.
इसे भी पढ़ें:
SFI झारखंड के राज्य संयोजक दानिश ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह विद्यार्थियों की जायज मांगों को गंभीरता से सुने और उनका समाधान करे. छात्रों को अपनी बुनियादी और न्यायसंगत मांगों के लिए आंदोलन करने की स्थिति में पहुंचना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि CUJ प्रशासन को छात्रों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का सम्मानजनक और शीघ्र समाधान निकालना चाहिए.
दानिश ने कहा कि कुलपति को छात्रों की मांगों पर तत्काल सकारात्मक पहल करनी चाहिए. विश्वविद्यालय प्रशासन को टकराव की स्थिति से बचते हुए आंदोलनरत विद्यार्थियों से वार्ता करनी चाहिए, ताकि समस्याओं का समाधान बातचीत के माध्यम से निकाला जा सके.
उन्होंने कहा कि SFI झारखंड छात्रों की जायज मांगों के समर्थन में मजबूती से खड़ा है. यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने मांगों के समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया, तो संगठन इस मुद्दे को CUJ परिसर से बाहर भी उठाएगा और आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए बाध्य होगा.
SFI ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अपील की कि वह छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए जल्द वार्ता करे. संगठन ने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान होने से विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों को सामान्य बनाए रखने और सकारात्मक माहौल कायम करने में मदद मिलेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

