Dibrugarh/Ranchi: शिल्पी नेहा तिर्की ने असम चुनाव के दौरान डिब्रूगढ़ के पनीतुला करम भवन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि भाजपा के 10 वर्षों के शासन में केवल मामा-मामी यानी मुख्यमंत्री और उनके परिवार का ही विकास हुआ है.
कांग्रेस उम्मीदवार प्रांजल घटवार के समर्थन में आयोजित इस सभा में नेहा तिर्की ने कहा कि असम के चाय बगान श्रमिकों और टी ट्राइब्स समुदाय की स्थिति आज भी बेहद चिंताजनक बनी हुई है.
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में चाय बगान श्रमिकों के अधिकारों के लिए कई योजनाएं और कानून बनाए गए थे, जबकि भाजपा सरकार के पिछले 10 वर्षों में इस दिशा में कोई ठोस काम नहीं हुआ. माटी का पट्टा योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो फॉर्म बांटे जा रहे हैं, वे सिर्फ सर्वे फॉर्म हैं और लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है.
तिर्की ने कहा कि भाजपा सरकार श्रमिकों के वेतन बढ़ाने का दावा करती रही है, लेकिन इसका लाभ जमीनी स्तर पर नहीं दिख रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है और शासन व्यवस्था आम जनता के बजाय निजी हितों की ओर झुक गई है.
अंत में उन्होंने असम की जनता, खासकर टी ट्राइब्स समुदाय से अपील की कि वे अपने अधिकारों के लिए एकजुट हों और जनहितकारी और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार के गठन के लिए कांग्रेस का समर्थन करें.

