Jamtara News: करमाटांड़ थाना क्षेत्र में घर लौट रहे गेट-ग्रील दुकानदार को रास्ते में रोककर तीन अज्ञात बदमाशों ने 65 हजार रुपये और एंड्रॉयड मोबाइल फोन लूट लिया. घटना 8 सितंबर की दोपहर करीब 2:45 बजे की बतायी जा रही है. पीड़ित की शिकायत पर करमाटांड़ थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें:
पीड़ित बागबेर पंचायत के कालाझरिया निवासी समसुल अंसारी ने पुलिस को बताया कि वह सहजपुर-सितकपुर रोड के पास गेट-ग्रील की दुकान चलाते हैं. 8 सितंबर को ईदगाह मोड़ निवासी अख्तर अंसारी के गेट-ग्रील का काम करने के एवज में उन्हें 20 हजार रुपये तथा रमजानी मोड़ निवासी मुस्तकीम अंसारी से काम के 40 हजार रुपये मिले थे. इसके अलावा उनके पास पहले से पांच हजार रुपये थे. इस तरह उनके पास कुल 65 हजार रुपये थे.
समसुल अंसारी के अनुसार, रुपये लेकर वह घर लौट रहे थे. करमाटांड़ के बंड़पर से रेलवे लाइन के अंदर पुलिया होते हुए रेलवे कॉलोनी स्थित शांति निकेतन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते से गुजरने के दौरान तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. बदमाशों ने उनकी पैंट की एक जेब से 40 हजार और दूसरी जेब से 25 हजार रुपये निकाल लिये. इसके साथ ही उनका एंड्रॉयड ओप्पो मोबाइल फोन भी छीनकर फरार हो गये.
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि घटना के कुछ दूरी पर बांसझुड के पास दो मोटरसाइकिलें खड़ी दिखाई दी थीं. इनमें एक लाल रंग की अपाचे बाइक थी, जबकि दूसरी बाइक स्पष्ट नजर नहीं आयी. पुलिस आसपास के इलाके में छानबीन करने के साथ बदमाशों की पहचान में जुटी है. पुलिस घटनास्थल के आसपास के संभावित रास्तों और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

