Dhanbad News: टुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रसव के बाद नवजात बच्ची की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. परिजनों द्वारा स्वास्थ्यकर्मियों पर लगाए गए लापरवाही के आरोप पर डीसी आदित्य रंजन ने त्वरित संज्ञान लिया है. डीसी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए दो चिकित्सा पदाधिकारियों को शोकॉज जारी किया है. वहीं लेबर रूम में तैनात दो एएनएम को वहां से हटाकर दूसरे स्थान पर कार्य आवंटित किया गया है. इसके अलावा ममता वाहन चालक का एमओयू भी समाप्त कर दिया गया है.
इसे भी पढ़ें:
रिपोर्ट में सामान्य प्रसव और बच्ची के स्वस्थ होने का जिक्र
स्वास्थ्य विभाग की ओर से कराई गई प्रारंभिक जांच के अनुसार 12 नवंबर को रात 2:32 बजे टुंडी के भूरसाबांक निवासी 25 वर्षीय करीना कुमारी को प्रसव के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया था. सुबह 7:24 बजे सामान्य प्रसव से बच्ची का जन्म हुआ. नवजात का वजन 2.27 किलोग्राम था. जांच रिपोर्ट के मुताबिक जन्म के समय बच्ची सामान्य थी और उसे विटामिन-के का इंजेक्शन भी दिया गया था.
रिपोर्ट में बताया गया है कि दोपहर करीब 12:30 बजे बच्ची के पिता नीरज कुमार सिंह ने उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने की सूचना दी. ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. पूजा कुशवाहा ने जांच की तो पाया कि बच्ची रो नहीं रही थी. इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए तत्काल सदर अस्पताल धनबाद रेफर कर दिया गया.
दो डॉक्टरों से 24 घंटे में मांगा जवाब
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने सिविल सर्जन डॉ. धनबाद को निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया. इसके बाद सिविल सर्जन ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशिकांत सुमन और डॉ. पूजा कुशवाहा को शोकॉज जारी किया है. दोनों से 24 घंटे के भीतर अपना पक्ष रखने को कहा गया है.
स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए लेबर रूम में तैनात एएनएम शांति मारग्रेट हारुन और पुष्पलता कुमारी को वहां से हटाकर दूसरे स्थान पर कार्य आवंटित कर दिया है. वहीं बच्ची को रेफर करने के दौरान परिजनों द्वारा बुलाए जाने पर अनुपस्थित पाए गए ममता वाहन चालक सुरेंद्र सिंह के साथ विभाग ने एमओयू समाप्त कर दिया है.
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण मिलने के बाद सिविल सर्जन मामले की गहन समीक्षा करेंगे. जांच में जिनकी भी जिम्मेदारी तय होगी उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

