Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

सोनुवा के झाड़गांव में होगा श्री जगन्नाथ मंदिर का निर्माण, भूमिपूजन में शामिल हुए सांसद-विधायक

  • मंदिर निर्माण से झाड़गांव क्षेत्र बनेगा आध्यात्मिक चेतना का केंद्र : जोबा माझी
  • प्रभु का मंदिर समाज के सभी वर्गों के बीच समन्वय, प्रेम व सद्भाव को देगा बढ़ावा : जगत माझी

Nitish Thakur

Goilkera : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा प्रखंड की बालजोड़ी पंचायत स्थित झाड़गांव जगन्नाथ आश्रम परिसर में सोमवार को श्री जगन्नाथ मंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन का पावन अनुष्ठान संपन्न हुआ. इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया.

 

कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद मंच से सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने मंदिर की महत्ता और क्षेत्र के विकास पर अपने विचार विस्तार से रखे. 

 

सांसद जोबा माझी ने मंदिर निर्माण पर हर्ष व्यक्त करते हुए अपने संबोधन में कहा यह मंदिर केवल ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं, बल्कि हमारे क्षेत्र की आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बनेगा. यहां का वातावरण भक्तिमय होगा, जो आने वाली पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़े रखेगा. सांसद ने कहा कि मंदिर निर्माण से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी. 

 

जब एक धार्मिक स्थल विकसित होता है, तो वहां पर्यटकों और श्रद्धालुओं का आगमन बढ़ता है, इससे स्थानीय स्तर पर छोटे-मोटे व्यापार, फूल-माला की दुकानें और अन्य सेवाएं विकसित होंगी, जिससे हमारे ग्रामीण युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिलेंगे.

 

उन्होंने इस पुनीत कार्य में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लेते हुए कहा मेरा प्रयास होगा कि मंदिर तक पहुंचने वाली बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो. अतिथि देवो भव: की भावना के साथ हमें इस मंदिर परिसर को एक आदर्श स्थल के रूप में विकसित करना है.

 

विधायक जगत माझी ने अपनी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभु जगन्नाथ की इच्छा के बिना एक पत्ता भी नहीं हिलता. आज झाड़गांव में इस भव्य मंदिर का निर्माण कार्य शुरू होना, क्षेत्र के लिए बड़े सौभाग्य और हर्ष का विषय है. प्रभु जगन्नाथ न केवल हमारे आराध्य हैं, बल्कि वे पूरे विश्व के कल्याण के सूत्रधार हैं. कहा कि मंदिर निर्माण की यह पहल दर्शाती है कि हमारा समाज एकजुट होकर नेक कार्यों में आगे आ सकता है. यह मंदिर समाज के सभी वर्गों के बीच समन्वय, प्रेम और सद्भाव को बढ़ावा देगा. विधायक ने मंदिर कमेटी और उन सभी ग्रामीणों को बधाई दी जिन्होंने इस सपने को साकार करने की दिशा में अपना पहला कदम बढ़ाया है. मंदिर के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव प्रशासनिक और व्यक्तिगत सहयोग सुनिश्चित करूंगा ताकि यह स्थान क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक आकर्षण बन सके. सांसद जोबा माझी ने मंदिर निर्माण के लिए निःस्वार्थ भाव से भूमि दान करने वाले सच्चिदानंद नायक और चंद्रशेखर नायक को सम्मानित किया. उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर उनके इस महान दान के लिए आभार प्रकट किया गया. पूजा-अर्चना पुजारी विश्वनाथ षाड़ंगी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमिपूजन संपन्न कराया. सांसद, विधायक और पूर्व विधायक ने सामूहिक रूप से पूजा में भाग लिया. यह भूमिपूजन कार्यक्रम सोनुवा क्षेत्र में एक नई सांस्कृतिक और सामाजिक ऊर्जा के संचार का प्रतीक बन गया है. ग्रामीणों में मंदिर के भव्य निर्माण को लेकर भारी उत्साह देखा गया. इस ऐतिहासिक अवसर पर पूर्व विधायक गुरूचरण नायक, जिप सदस्य जगदीश नायक, मुखिया गुणवंत नायक, ओड़िया भाषा विकास परिषद के अध्यक्ष डॉ. नागेश्वर प्रधान, गौड़ समाज के दिलीप प्रधान, उप मुखिया तनुजा नायक, पूर्व मुखिया केदारनाथ नायक, मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मनोज नापित के अलावा त्रिलोचन नायक, लक्ष्मण नायक, सुनील दास, हेमचंद महतो, मृत्यंजय नायक, विनोद बिहारी नायक, हरावेती नायक, सुप्रिया नायक, सूर्य कुमार प्रधान, हीरालाल लोहार, संजीव सिंह, ललिता नायक और दुर्गाचरण गोप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही