Search

 
 
 

विधानसभा की सार्थकता सिर्फ बैठक और विधेयक से नहीं, जनता की आवाज बनेः स्पीकर

Ranchi News : विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2020 से 2024 के बीच विधानसभा में औसतन करीब 24 बैठकें हुईं, जबकि वर्ष 2025 में 32 बैठकें आयोजित की गयीं. उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता का संकेत बताया.
 
रवींद्रनाथ महतो
  • संसदीय व्यवस्था की मजबूती का किया अह्वान
  • राज्य के अंतिम व्यक्ति की आवाज सदन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
  • विकास के साथ त्याग और समानता भी जरूरीः रवींद्रनाथ महतो

Ranchi News : झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने सदन की उपलब्धियों, लोकतांत्रिक परंपराओं और भविष्य की जिम्मेदारियों को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि विधानसभा की उपलब्धि केवल बैठकों की संख्या या पारित विधेयकों से नहीं मापी जा सकती.

 

असली सफलता इस बात में है कि सदन जनता की समस्याओं का कितना समाधान निकाल पाता है. विधानसभा को यह सुनिश्चित करना होगा कि झारखंड के दूर-दराज के गांव में रहने वाले नागरिक की आवाज भी सदन तक पहुंचे.

 

इसे भी पढ़ें...

 

समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, सांसद और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे. विधानसभा अध्यक्ष ने सभी अतिथियों का स्वागत और अभिनंदन करते हुए राज्यपाल के प्रति विशेष आभार जताया.

 

संघर्ष और बलिदान से मिली झारखंड को अलग पहचान

रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि विधानसभा का स्थापना दिवस केवल एक संस्थान की वर्षगांठ नहीं, बल्कि झारखंड की लोकतांत्रिक चेतना, संघर्ष और जन आकांक्षाओं को याद करने का अवसर है. 15 नवंबर 2000 को अलग राज्य का गठन हुआ. भगवान बिरसा मुंडा, नीलांबर-पीतांबर, पंडित गणपत राय और शेख भिखारी जैसे वीरों के संघर्ष और बलिदान ने इस धरती को विशिष्ट पहचान दी. अलग राज्य का आंदोलन केवल राजनीतिक पहचान के लिए नहीं था, बल्कि यहां के लोगों की आकांक्षाओं को संवैधानिक स्वरूप देने का संघर्ष भी था.

 

उन्होंने कहा कि राजनीतिक विचारधाराएं और प्राथमिकताएं अलग हो सकती हैं, लेकिन सदन में सभी सदस्यों की जवाबदेही झारखंड की जनता और भारतीय संविधान के प्रति है. लोकतंत्र की असली ताकत जनहित के प्रति जवाबदेही और जनता की समस्याओं का समाधान करने में है.

 

2025 में विधानसभा की 32 बैठकें हुईं

विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2020 से 2024 के बीच विधानसभा में औसतन करीब 24 बैठकें हुईं, जबकि वर्ष 2025 में 32 बैठकें आयोजित की गयीं. उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता का संकेत बताया.

 

हालांकि, उन्होंने कहा कि बैठकों की संख्या के साथ उनकी सार्थकता भी महत्वपूर्ण है. विधायकों को बजट पर गंभीर चर्चा करने, सरकारी खर्च की समीक्षा करने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने की जरूरत है.

 

समितियों को प्रभावी बनाने पर जोर

रवींद्रनाथ महतो ने विधानसभा की समितियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकारी कामकाज की समीक्षा और विभागों की जवाबदेही तय करने में इनकी अहम भूमिका है. समिति प्रणाली को और प्रभावी बनाने की जरूरत है.

 

उन्होंने विकास और पर्यावरण संरक्षण, आर्थिक प्रगति और सामाजिक न्याय के बीच संतुलन स्थापित करने पर भी जोर दिया. महिलाओं की भागीदारी, डिजिटल तकनीक, नवाचार और जनसहभागिता को लोकतांत्रिक व्यवस्था का जरूरी हिस्सा बताया.

 

नियमित बैठकें और संसदीय परंपराओं को मजबूत करने का संकल्प

अपने संबोधन के समापन में विधानसभा अध्यक्ष ने सदन के सभी सदस्यों से कुछ महत्वपूर्ण संकल्प लेने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि विधानसभा की बैठकों को और अधिक नियमित बनाया जायेगा और संसदीय परंपराओं को मजबूत किया जायेगा. सबसे महत्वपूर्ण यह होगा कि राज्य के दूरस्थ गांवों में रहने वाले नागरिकों को भी यह विश्वास हो कि उनकी आवाज विधानसभा तक पहुंचती है.

 

उन्होंने मुख्यमंत्री, संसदीय कार्य मंत्री, नेता प्रतिपक्ष, मुख्य सचेतक और सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया. महतो ने कहा कि सभी को मिलकर ऐसे झारखंड के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए, जहां विकास के साथ त्याग, विकास के साथ समानता और लोकतंत्र के साथ जनविश्वास निरंतर मजबूत हो. उन्होंने विधानसभा सचिवालय की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए अपने संबोधन का समापन 'जौहार' के साथ किया.

 

निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक सम्मान

समारोह में विधायक निरल पूर्ति को भगवान बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित किया गया. विधानसभा सचिवालय के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों और पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया. अध्यक्ष ने सभी सम्मानित लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेहतर कार्य करने वालों को सम्मानित करने की परंपरा लोकतांत्रिक संस्थाओं को प्रोत्साहित करती है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही