Ranchi : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गुरुवार को कांग्रेस भवन में सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की. 12.15 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में सिख समुदाय के सैकड़ों लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. इस आयोजन की पहल ज्योति सिंह माथारू द्वारा की गई थी, जबकि समाजसेवी सुखपाल सिंह नामधारी, गुरदीप सिंह और प्रितपाल सिंह के नेतृत्व में सिख समाज के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए.
कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेतृत्व ने नए सदस्यों का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया. इस अवसर पर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया गया. कांग्रेस नेतृत्व ने इसे प्रदेश में पार्टी की नीतियों और सामाजिक समरसता के प्रति बढ़ते भरोसे का संकेत बताया.
अपने संबोधन में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सर्वधर्म समभाव और भाईचारे की विचारधारा पर हमेशा कायम रही है. उन्होंने सिख समुदाय के ऐतिहासिक योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि उनके जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और पार्टी की विचारधारा और सशक्त होगी. वरिष्ठ नेता सुबोधकांत सहाय ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल संख्या बढ़ाने का नहीं बल्कि विचारों की एकजुटता का प्रतीक है. उन्होंने नए सदस्यों से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
ज्योति सिंह माथारू ने सिख समुदाय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों की रक्षा की है. वहीं सुखपाल सिंह नामधारी ने कहा कि कांग्रेस की समावेशी नीति और जनहित के कार्यों से प्रेरित होकर सिख समाज बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ा है. कार्यक्रम में प्रदेश मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे. कांग्रेस ने इसे संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

