Search

 
 
 

Simdega News: उपायुक्त ने EVM वेयरहाउस का किया निरीक्षण, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों संग की बैठक

सिमडेगा की जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त कंचन सिंह ने ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों की समीक्षा की.
 

Simdega: सिमडेगा की जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त कंचन सिंह ने ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयरहाउस के डबल लॉक तथा सीलबंद दोनों विधानसभा 70 सिमड़ेगा एवं 71 कोलेबिरा के स्ट्रोंग रूम को नियमानुसार खोला गया. वहां सुरक्षित रखी ईवीएम मशीनों का भौतिक सत्यापन किया गया तथा उनके रख-रखाव की स्थिति का जायजा लिया गया. इस दौरान विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे.

 
उन्होंने वेयरहाउस परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, निगरानी प्रणाली, रिकॉर्डिंग व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधन की विस्तृत जांच की. साथ ही कमरों की सीलिंग, डबल लॉक की स्थिति एवं निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अन्य मानदंडों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि ईवीएम की सुरक्षा से जुड़े सभी प्रावधानों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा निगरानी व्यवस्था को निरंतर सक्रिय रखा जाए.

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अग्निशमन व्यवस्था का भी जायजा लिया और अग्निशमन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वे वेयरहाउस में तैनात कर्मियों को अग्निशमन यंत्रों के प्रभावी उपयोग एवं आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई संबंधी प्रशिक्षण प्रदान करें. उपायुक्त ने निरीक्षण उपरांत मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 कार्यक्रम को लेकर विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. 


उन्होंने राजनीतिक दलों से सभी मतदान केंद्रों पर बीएलए की नियुक्ति करने का आग्रह किया. साथ ही व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने पर बल देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में सूचीबद्ध होने से वंचित न रहे तथा कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो.बैठक में मतदाता सत्यापन एवं मैपिंग कार्यों से संबंधित जानकारी सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दिया गया. 


बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार महतो, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल अमृत मिंज, भारतीय जनता पार्टी के दीपक पूरी, मुकेश श्रीवास्तव, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के रणधीर रंजन, झारखंड मुक्ति मोर्चा के शफीक खान, अनस आलम, राष्ट्रीय जनता दल के दिनेश, आम आदमी पार्टी के बिनोद, आजसू पार्टी के धुपेन्द्र पांडेय सहित अन्य उपस्थित रहे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही