Search

 
 
 

Simdega News : मंईयां योजना में फर्जीवाड़ा, पुरुष ने 1 साल तक ली राशि, FIR, तत्कालीन पंचायत सचिव से जवाब तलब

जिले के जलडेगा प्रखंड में  झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मंईयां सम्मान योजना में फर्जीवाड़ा का मामला सामने आया है. महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए चलाई जा रही योजना में एक पुरुष ने फर्जी तरीके से करीब एक साल तक इसका लाभ उठाया है. मामले का खुलासा होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.
 

Simdega :  जिले के जलडेगा प्रखंड में  झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मंईयां सम्मान योजना में फर्जीवाड़ा का मामला सामने आया है. महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए चलाई जा रही योजना में एक पुरुष ने फर्जी तरीके से करीब एक साल तक इसका लाभ उठाया है. मामले का खुलासा होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.

 

जानकारी के मुताबिक, प्रखंड में चल रहे डोर-टू-डोर सत्यापन अभियान के दौरान टिनगीना पंचायत में यह गड़बड़ी सामने आई. जांच में पता चला कि टिनगीना निवासी पंकज नाग ने महिलाओं के नाम पर फर्जी आवेदन कर जून 2025 से मार्च 2026 तक लगातार अपने खाते में सम्मान राशि ली. इस दौरान उसने हर महीने 2500 रुपये के हिसाब से कुल 30 हजार रुपये सरकारी राशि प्राप्त की.

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए जलडेगा बीडीओ डॉ. प्रवीण कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जलडेगा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. प्राथमिकी में टिनगीना निवासी पंकज नाग और पियोसोकरा निवासी प्रज्ञा केंद्र संचालक कुमार चाणक्य को नामजद आरोपी बनाया गया है.

 

बताया जा रहा है कि कुमार चाणक्य ने अपनी सीएससी आईडी पंकज नाग को इस्तेमाल के लिए दे रखी थी. इसी आईडी के जरिए मंईयां सम्मान योजना का ऑनलाइन आवेदन भरा गया था. वहीं प्रशासन ने टिनगीना पंचायत के तत्कालीन पंचायत सचिव सनातन सिंह से भी स्पष्टीकरण मांगा है.

 

जलडेगा थाना में कांड संख्या 33/26 दर्ज कर बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. प्रशासन ने आरोपी से 30 हजार रुपये की रिकवरी कर राशि नजारत में जमा करा दी है. जबकि संबंधित बैंक खाते को भी होल्ड कर दिया गया है. पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की आगे जांच में जुटे हैं. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही