Simdega : सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र के रैसियां बाजार में गुरुवार को दिनदहाड़े लूट और फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है. तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर लाह व्यवसायी दुर्गेश प्रसाद से करीब 12 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए. घटना के दौरान अपराधियों ने फायरिंग भी की, जिसमें व्यवसायी को छर्रे लगने से चेहरे पर चोट आई है.
मिली जानकारी के अनुसार, बोंगराम निवासी लाह व्यवसायी दुर्गेश प्रसाद रैसियां मुख्य सड़क पर व्यवसाय कर रहे थे. इसी दौरान सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे और हथियार दिखाकर उन्हें धमकाने लगे. विरोध करने पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी और उनके पास से करीब 12 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए.
दुर्गेश प्रसाद ने कोलेबिरा थाना में आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने बताया कि फायरिंग के दौरान निकले छर्रे उनके चेहरे पर लगे, हालांकि वे गंभीर रूप से घायल होने से बच गए. घटना के बाद रैसियां बाजार और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है. सूचना मिलते ही कोलेबिरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

