Simdega : जिले के केरसई थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म मामले में सिमडेगा पुलिस ने आरोपी शिक्षक जोलेन कुजूर को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी केरसई थाना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत है. गिरफ्तार अभियुक्त को आज (12 अक्टूबर) को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
इसे भी पढ़ें
मिली जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर को पीड़िता की नानी ने केरसई थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि स्कूल के शिक्षक जोलेन कुजूर लंबे समय से उसकी 10 वर्षीय नतिनी के साथ जबरन दुष्कर्म कर रहा था.
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि घटना के संबंध में किसी को बताने पर आरोपी बच्ची को जान से मारने की धमकी देता था. पुलिस ने लिखित आवेदन के आधार पर केरसई थाना में बीएनएस 2023 की धारा 65(2) एवं 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4/6 के तहत कांड संख्या 26/26 दर्ज की.
एसपी के निर्देश पर केरसई थाना पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक जोलेन कुजूर को गिरफ्तार कर लिया है. अब आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

