Simdega News: दीपावली के अवसर पर सिमडेगा के हेरिटेज सेंटर-सह-म्यूजियम परिसर में पहली बार तीन दिवसीय ‘पलाश दिवाली मेला एवं सांस्कृतिक आयोजन’ का शुभारंभ हुआ. 4 से 6 नवंबर तक आयोजित इस मेले का उद्घाटन उपायुक्त कंचन सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे एवं उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया.
इसे भी पढ़ें:
मेले में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आई स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने मिट्टी के दीये, मिठाइयां, वस्त्र, आभूषण, बांस से बने सूप-टोकरी, मांदर एवं विभिन्न हस्तनिर्मित उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं.
उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि सिमडेगा में लगभग 95 हजार महिलाएं JSLPS से जुड़ी हैं. महिलाओं के हुनर को आजीविका से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना सरकार का संकल्प है. स्थानीय उत्पादों को राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने जिलेवासियों से मेले में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की.
वहीं पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने कहा कि ऐसे आयोजन महिला उद्यमियों को पहचान दिलाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे. उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने भी लोगों से पलाश ब्रांड के उत्पादों की खरीदारी कर महिला समूहों का उत्साहवर्धन करने की अपील की.
इस अवसर पर विभिन्न प्रखंडों के प्रतिभागियों एवं बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. कार्यक्रम में जिला प्रशासन के पदाधिकारी, JSLPS की टीम, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

