Simdega: सिमडेगा पुलिस की ‘ऑपरेशन विश्वास’ ने सफलता पाई है. जिसके तहत चोरी और गुम हुए 128 मोबाइल फोन बरामद कर मंगलवार को उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया. पुलिस केंद्र सिमडेगा में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुरेश राव खोतरे ने वास्तविक मोबाइल मालिकों को उनके चोरी-गुम हुए मोबाइल वापस लौटाए. मोबाइल वापस पाते ही लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे.
पुलिस के मुताबिक, इस साल जनवरी से अब तक जिले में कुल 573 चोरी और गुम मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं. इनमें जनवरी से जुलाई तक 445 मोबाइल शामिल हैं. मौजूदा अभियान में पुलिस ने विभिन्न राज्यों से 128 मोबाइल बरामद किए. इनमें ओडिशा, गुजरात और छत्तीसगढ़ से बरामद किए गए मोबाइल भी शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें:
मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में सबसे कम उम्र की मोबाइल स्वामी टीटांगर थाना क्षेत्र की रीता कुल्लू और सबसे अधिक उम्र के मोबाइल स्वामी बांसजोर ओपी क्षेत्र के बरनाबस डुंगडुंग को भी पुलिस अधीक्षक ने उनका मोबाइल सौंपा. बरामद 128 मोबाइल में 12 मोबाइल CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर मिले, जबकि 116 मोबाइल अन्य तकनीकी माध्यमों और पुलिस की जांच के जरिए बरामद किए गए.
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मोबाइल फोन लोगों के लिए केवल एक महंगा उपकरण नहीं है, बल्कि उसमें निजी तस्वीरों, संपर्कों, जरूरी दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां होती हैं. ऐसे में मोबाइल वापस मिलने से लोगों को बड़ी राहत मिलती है. पुलिस तकनीकी संसाधनों और टीमवर्क के जरिए गुम और चोरी हुए मोबाइल की तलाश लगातार कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

