Ranchi : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत रांची जिले में घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म (EF) के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य जारी है. जिला प्रशासन के अनुसार 1 जुलाई 2026 की शाम 6 बजे तक जिले में कुल 69,675 एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का 2.60 प्रतिशत है. वहीं, 1,608 फॉर्म का डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है.
रांची जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,777 बीएलओ 26,74,681 मतदाताओं तक पहुंचकर अभियान चला रहे हैं. विधानसभावार प्रगति में तमाड़ सबसे आगे है, जहां 14,400 फॉर्म (6.57 प्रतिशत) वितरित किए गए हैं. इसके बाद सिल्ली में 9,085, खिजरी में 11,071, रांची विधानसभा में 1,584, हटिया में 9,913, कांके में 10,486 और मांडर में 13,136 फॉर्म वितरित किए गए हैं.
डिजिटाइजेशन के मामले में खिजरी विधानसभा सबसे आगे रही, जहां 405 फॉर्म ऑनलाइन दर्ज किए गए. इसके अलावा हटिया में 302, रांची में 246, सिल्ली में 226, कांके में 216, मांडर में 182 और तमाड़ में 31 फॉर्म का डिजिटाइजेशन किया गया.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO), बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजरों को प्रतिदिन फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन में तेजी लाने तथा नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं.
जिला प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि बीएलओ द्वारा उपलब्ध कराए गए एन्यूमरेशन फॉर्म को समय पर भरकर जमा करें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 का कार्य निर्धारित समय पर पूरा किया जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment