Lagatar Desk : बिहार के सीतामढ़ी में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है. एनकाउंटर में घायल कुख्यात अपराधी फेकन महतो मंगलवार शाम पुलिस को चकमा देकर सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से फरार हो गया.
सीतामढ़ी एसपी ने मामले में कार्रवाई करते हुए कैदी वार्ड सुरक्षा में तैनात चार पुलिसकर्मियों को लापरवाही बरतने पर तत्काल निलंबित कर दिया गया है. साथ ही फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है, जो संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
जिले की सीमाओं पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है और सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है. पुलिस अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. बता दें कि सीतामढ़ी के कुख्यात अपराधी फेकन महतो के खिलाफ सीतामढ़ी समेत आसपास के कई जिलों में लूट, रंगदारी और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं.
दरअसल बीते 1 जुलाई को रीगा में एक सीएसपी संचालक से करीब डेढ़ लाख रुपये की लूट हुई थी. इस मामले में पुलिस फेकन महतो को गिरफ्तार करने गई थी. पुलिस को देख उसने फायरिंग कर दी थी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो उसे लगी और वह घायल हो गया.
इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के बाद उसे मंडल जेल भेज दिया गया था. लेकिन तबीयत बिगड़ने पर 24 जुलाई को फिर से उसे सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया.
इसी दौरान मंगलवार की शाम वह पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि फेकन महतो पहले भी पुलिस को चकमा देकर निकल चुका है. जून महीने में वह अपनी प्रेमिका से मिलने एक गांव पहुंचा था. ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया था. लेकिन पुलिस के पहुंचने के बाद भी वह उनकी गिरफ्त से बच निकला था.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment