Search

 
 
 

सीतामढ़ी : फसल बचाने के लिए लगाए गए तार की चपेट में आकर तीन की मौत, एक झुलसा

Lagatar Desk :  मोहम्मद इस्लाम मंसूरी की भैंस शनिवार रात करीब तीन बजे खूंटे से खुल गई थी. भैंस को खोजने के लिए इस्लाम घर से बाहर निकला. अंधेरा और धुंध होने के कारण उसे खेत के आसपास लगाए गए बिजली के तार नहीं दिखे. इस्लाम उस तार की चपेट में आ गया और करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
 
तीन की मौत
  • दो सुअरों की भी गई जान

Lagatar Desk :  सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया प्रखंड में शनिवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया. यहां अख्ता पश्चिमी चकवा पंचायत के तकिया टोला (वार्ड नंबर-5) में खेत के चारों ओर लगाए गए नंगे बिजली के तार की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों में पति-पत्नी भी शामिल हैं. वहीं एक अन्य ग्रामीण करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया, उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है. 

 

भैंस खोजने निकला था इस्लाम

जानकारी के अनुसार, मोहम्मद इस्लाम मंसूरी की भैंस शनिवार रात करीब तीन बजे खूंटे से खुल गई थी. भैंस को खोजने के लिए इस्लाम घर से बाहर निकला. अंधेरा और धुंध होने के कारण उसे खेत के आसपास लगाए गए बिजली के तार नहीं दिखे. इस्लाम उस तार की चपेट में आ गया और करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. 

 

इसे भी पढ़ें

 

पति को बचाने गई पत्नी की भी गई जान

काफी देर तक इस्लाम के घर नहीं लौटने पर उसकी पत्नी रुबैदा खातून उसे खोजने के लिए निकली. खेत के पास पहुंचने पर उन्होंने अपने पति को जमीन पर पड़ा देखा. रुबैदा ने पति को उठाने की कोशिश की. इस दौरान वह भी तार के संपर्क में आ गई और करंट लगने से उसकी भी मौके पर मौत हो गई. 

 

असमत अली की भी करंट की चपेट में आकर मौत

इसके बाद गांव का असमत अली भी मौके पर पहुंचा. खेत में फैले करंट की जानकारी नहीं होने के कारण वह भी तार की चपेट में आ गया और उसकी भी मौत हो गई. इसी दौरान एक अन्य ग्रामीण भी करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया. ग्रामीणों ने उसे किसी तरह खेत से बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती किया, जहां उसका इलाज चल रहा है. फिलहाल ग्रामीण की हालत गंभीर बताई जा रही है. 

 

खेत में मिले दो जंगली सूअरों के शव

सुबह जब ग्रामीण खेत में गए तो तीन लोगों का शव पड़ा हुआ देखा. वहीं मौके पर दो जंगली सूअरों के शव भी मिले. बताया जा रहा है कि इंदल पासवान ने धान के खेत को जंगली सूअरों से बचाने के लिए चारों तरफ लोहे के नंगे तार लगाए थे. इन तारों में बिजली का करंट प्रवाहित किया जा रहा था, जिसकी चपेट में आने से तीन जिंदगियां चली गई. वहीं दो मवेशी की मौत हो गई. 

 

हादसे के बाद ग्रामीणों में गुस्सा

तीन लोगों की मौत के बाद पूरे तकिया टोला में शोक का माहौल है. मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मची हुई है.  परिजन घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि फसल बचाने के लिए इस तरह खुले तारों में करंट दौड़ाना बेहद खतरनाक है. इससे खेत के आसपास जाने वाले किसी भी व्यक्ति की जान जा सकती है.

 

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि खेत में बिजली का कनेक्शन कैसे लगाया गया था, तार किस तरह बिछाए गए थे और इस घटना के लिए कौन जिम्मेदार है. मामले में जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही