Ranchi : देशभर में चल रहे मजदूर आंदोलनों और उन पर हो रहे दमन के विरोध में झारखंड के प्रमुख मजदूर संगठनों ने 18 अप्रैल को रांची में एकजुटता रैली निकालने का निर्णय लिया है. यह फैसला भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य कार्यालय में एटक, इंटक, सीटू, एक्टू समेत विभिन्न संगठनों की बैठक में लिया गया.
जयपाल सिंह स्टेडियम से जुलूस निकालकर अल्बर्ट एक्का चौक तक मार्च किया जाएगा.बैठक में कहा गया कि गुड़गांव, मानेसर, नोएडा, फरीदाबाद समेत कई औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूर कम वेतन और खराब कार्य परिस्थितियों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं. न्यूनतम वेतन बढ़ाने और श्रम अधिकारों की मांग को लेकर मजदूर सड़कों पर उतरने को मजबूर हुए हैं.
नेताओं ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलनों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज, गिरफ्तारी और संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज कर दमन किया जा रहा है. उन्होंने सभी गिरफ्तार मजदूरों और कार्यकर्ताओं की रिहाई तथा फर्जी मुकदमों को वापस लेने की मांग की.
संगठनों ने झारखंड सरकार से राज्य में चार नए लेबर कोड लागू नहीं करने और इसे निरस्त करने के लिए विशेष सत्र बुलाने की मांग की. साथ ही न्यूनतम वेतन बढ़ाने और श्रमिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की बात कही गई.
निर्णय के अनुसार, 18 अप्रैल को जयपाल सिंह स्टेडियम से जुलूस निकालकर अल्बर्ट एक्का चौक तक मार्च किया जाएगा, जहां सभा आयोजित होगी. बैठक में अशोक यादव, महेंद्र पाठक, शुभेंदु सेन, अनिर्वाण बोस, लीलाधर सिंह सहित कई नेता मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

