Search

 
 
 

सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ प्रेम, त्याग और संघर्ष की प्रेरक गाथा : केशव महतो

Ranchi News : केशव महतो कमलेश ने कहा कि यह पुस्तक केवल राजनीतिक संस्मरण नहीं है, बल्कि एक ऐसी असाधारण जीवन यात्रा को दर्शाती है, जिसमें भारतीय संस्कृति, परंपराओं और विविधता के प्रति समर्पण की झलक मिलती है. इटली के एक छोटे से कस्बे में जन्म लेने के बाद भारत आना, भारतीय परिवार और संस्कृति को अपनाना तथा देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व करना अपने आप में एक उल्लेखनीय यात्रा है.
 
फाइल फोटो

Ranchi News : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ को प्रेम, अपनत्व, त्याग, संघर्ष और भारतीय लोकतांत्रिक मूल्यों की प्रेरक जीवनगाथा बताया है. उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की जीवन यात्रा भारतीयता, धर्मनिरपेक्षता, संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण दस्तावेज है.

 

 

इसे भी पढ़ें...

 

केशव महतो कमलेश ने कहा कि यह पुस्तक केवल राजनीतिक संस्मरण नहीं है, बल्कि एक ऐसी असाधारण जीवन यात्रा को दर्शाती है, जिसमें भारतीय संस्कृति, परंपराओं और विविधता के प्रति समर्पण की झलक मिलती है. इटली के एक छोटे से कस्बे में जन्म लेने के बाद भारत आना, भारतीय परिवार और संस्कृति को अपनाना तथा देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व करना अपने आप में एक उल्लेखनीय यात्रा है.

 

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के प्रति प्रेम, इंदिरा गांधी के साथ आत्मीय संबंध और राजीव गांधी की हत्या जैसी व्यक्तिगत त्रासदी के बावजूद सोनिया गांधी ने सार्वजनिक जीवन में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं. यह उनके धैर्य, साहस और राजनीतिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है.

 

उन्होंने वर्ष 2004 की राजनीतिक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) की जीत के बाद प्रधानमंत्री बनने का अवसर होने के बावजूद सोनिया गांधी ने डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी. यह फैसला बताता है कि राजनीति में नेतृत्व की पहचान केवल सत्ता और पद से नहीं, बल्कि सिद्धांत, त्याग और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता से होती है.

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पुस्तक में लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, नागरिक स्वतंत्रता और संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार रखे गए हैं. भारत की असली ताकत उसकी बहुलतावादी संस्कृति में है.

 

महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, मौलाना अबुल कलाम आजाद, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की विचारधारा भी सभी धर्मों, जातियों, भाषाओं और समुदायों को साथ लेकर चलने का संदेश देती है.

 

उन्होंने कहा कि आज लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता, चुनाव आयोग की विश्वसनीयता, मीडिया की स्वतंत्रता, न्यायपालिका की स्वायत्तता और विपक्ष की भूमिका जैसे सवाल महत्वपूर्ण हैं. लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिक अधिकारों की सुरक्षा, असहमति का सम्मान और संविधान की मूल भावना को बनाए रखना भी इसकी जिम्मेदारी है.

 

कमलेश ने कहा कि कांग्रेस की ऐतिहासिक जिम्मेदारी है कि वह लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय के मूल्यों को मजबूत करते हुए संविधान और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहे. लोकतांत्रिक राजनीति में असहमति और बहस का स्वागत होना चाहिए. किसी विचार का जवाब दबाव या भय से नहीं, बल्कि तर्क, संवाद और वैचारिक विमर्श से दिया जाना चाहिए.

 

अंत में उन्होंने कहा कि ‘Belonging: A Journey of Love’ का संदेश है कि भारत से प्रेम केवल उसकी मिट्टी से जुड़ना नहीं, बल्कि यहां के लोगों, संस्कृति, विविधता, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निष्ठा रखना है. देश को ऐसी राजनीति की जरूरत है, जिसमें सत्ता से ऊपर सेवा, धार्मिक पहचान से ऊपर मानवीय गरिमा और राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से ऊपर संविधान एवं लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता हो.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही