Khunti News: छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर खूंटी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं. बुधवार, 11 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों की टीम ने खूंटी क्षेत्र के प्रमुख तालाबों और छठ घाटों का निरीक्षण किया. इस दौरान एसडीपीओ, खूंटी और थाना प्रभारी भी मौजूद रहे. अधिकारियों ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
इसे भी पढ़ें:
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसपी ऋषभ गर्ग ने संबंधित अधिकारियों को छठ घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, सुचारु यातायात प्रबंधन और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इसके अलावा घाटों पर आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने को कहा. उन्होंने तालाबों के जलस्तर और गहराई को ध्यान में रखते हुए गहरे पानी वाले हिस्सों में बैरिकेडिंग कराने, चेतावनी संकेतक लगाने और गोताखोरों के साथ बचाव दल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
श्रद्धालुओं से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील
एसपी ऋषभ गर्ग ने श्रद्धालुओं से अपील की कि पूजा और अर्घ्य अर्पित करने के दौरान निर्धारित सुरक्षित सीमा के भीतर ही रहें. बैरिकेडिंग पार कर गहरे पानी में प्रवेश न करें और बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें. घाटों पर अनावश्यक भीड़ और धक्का-मुक्की से बचने के साथ तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें. किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी को दें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

