Search

 
 
 

पलामू में सड़क हादसों का कहर, तीन घटनाओं में 4 की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए 3 सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. इन घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है. एक घटना में मासूम की मौत के बाद उग्र भीड़ ने सड़क जाम कर पुलिस पर हमला भी किया
 

Palamu: जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए 3 सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. इन घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है. एक घटना में मासूम की मौत के बाद उग्र भीड़ ने सड़क जाम कर पुलिस पर हमला भी किया, वहीं अन्य हादसों में भी लापरवाही सामने आई है.

 

लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के मुरमुसी मोड़ के पास एक बाइक (JH03AQ3511) ने सड़क पर टहल रहे युवक विश्वजीत सोनी उर्फ सूरज सोनी (26 वर्ष) को टक्कर मार दी. जानकारी के अनुसार वह ससुराल आया था. गंभीर रूप से घायल विश्वजीत की मेदिनीनगर ले जाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

 

वहीं मनातू थाना क्षेत्र के पदमा गांव के अमवाटोली में तेज रफ्तार कार (JH01BV1111) ने स्कूल से घर लौट रहे 8 वर्षीय छात्र सूरज कुमार को टक्कर मार दी. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें एएसआई सुरेशचंद्र यादव, संतोष सिंह समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए. इसके विरोध में पुलिस कर्मियों ने भी हल्का बल प्रयोग किया.

 

इधर नावाजयपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतकों की पहचान पकरिया नावा जयपुर निवासी सचिन कुमार (पिता सुरेंद्र शर्मा) और आशीष कुमार (पिता सीताराम) के रूप में हुई है. वहीं घायल आकाश कुमार (पिता राजेश कुमार) का मेदिनीनगर एमएमसीएच में इलाज जारी है.


बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर नावाजयपुर बाजार जा रहे थे, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. 

पुलिस सभी मामलों में जांच कर रही है और फरार वाहन चालकों की तलाश में छापेमारी जारी है. लगातार हो रहे सड़क हादसों ने यातायात नियमों के पालन और सतर्कता की जरूरत को एक बार फिर उजागर कर दिया है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही