Search

 
 
 

मुहर्रम को लेकर स्पेशल ब्रांच का राज्यभर में अलर्ट, जिलों को दिए गए कई अहम निर्देश

मुहर्रम को लेकर झारखंड स्पेशल ब्रांच ने राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय को विस्तृत रिपोर्ट भेजते हुए सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है.
 

Ranchi: मुहर्रम को लेकर झारखंड स्पेशल ब्रांच ने राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय को विस्तृत रिपोर्ट भेजते हुए सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है. रिपोर्ट में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सांप्रदायिक सौहार्द कायम रखने और किसी भी संभावित विवाद को रोकने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.

 

 

स्पेशल ब्रांच के अनुसार इस वर्ष मुहर्रम 26 जून को मनाए जाने की संभावना है. पर्व के दौरान निकलने वाले ताजिया जुलूस, मातमी कार्यक्रमों और अन्य धार्मिक आयोजनों को देखते हुए सभी जिलों को पहले से तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया है.

 

पूर्व में विवाद वाले क्षेत्रों की समीक्षा का निर्देश

 

स्पेशल ब्रांच ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि जिन क्षेत्रों में पिछले वर्षों में मुहर्रम के दौरान तनाव, विवाद या कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हुई थी, उन इलाकों का स्वयं निरीक्षण करें. स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और दोनों समुदायों के जिम्मेदार लोगों के साथ बैठक कर संभावित विवादों का पहले ही समाधान निकालने को कहा गया है.

 

रूट विवाद को हर हाल में सुलझाने का आदेश

 

रिपोर्ट में विशेष रूप से उन जिलों का उल्लेख किया गया है जहां पिछले वर्ष मुहर्रम जुलूस के रूट को लेकर विवाद हुआ था. ऐसे मामलों में प्रशासन को दोनों समुदायों, अखाड़ा समितियों और जुलूस आयोजकों के साथ बैठक कर सहमति बनाने तथा किसी भी विवाद का समय रहते निपटारा करने का निर्देश दिया गया है.

 

हर थाने में शांति समिति की बैठक अनिवार्य

 

स्पेशल ब्रांच ने सभी एसपी को अपने-अपने जिलों के प्रत्येक थाना क्षेत्र में शांति समिति की बैठक आयोजित कराने का निर्देश दिया है. इन बैठकों में दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों, अखाड़ा समितियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय बुद्धिजीवियों को शामिल करने को कहा गया है. बैठक के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया है.

 

सूचना तंत्र मजबूत करने पर जोर

 

रिपोर्ट में सभी जिलों को अपना स्थानीय खुफिया तंत्र मजबूत करने का निर्देश दिया गया है. संवेदनशील गतिविधियों, अफवाहों और संभावित विवादों की जानकारी समय पर जुटाने तथा उसकी रिपोर्ट वरीय अधिकारियों तक पहुंचाने को कहा गया है.

 

सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी नजर

 

स्पेशल ब्रांच ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग बढ़ाने का निर्देश देते हुए कहा है कि भड़काऊ पोस्ट, आपत्तिजनक वीडियो, अफवाह फैलाने वाले संदेश और सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने वाली किसी भी गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए. साइबर टीमों को विशेष रूप से सक्रिय रखने को कहा गया है.

 

डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर निगरानी

 

रिपोर्ट में मुहर्रम के दौरान डीजे के उपयोग पर निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया है. बिना अनुमति डीजे संचालन और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया है.

 

संवेदनशील इलाकों की रिपोर्ट मांगी गई

 

स्पेशल ब्रांच ने सभी जिलों से संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की सूची तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा है. जिन स्थानों को अधिक संवेदनशील माना जाएगा, वहां अतिरिक्त पुलिस बल और विशेष सुरक्षा व्यवस्था की तैनाती की जाएगी.

 

 

स्पेशल ब्रांच ने स्पष्ट किया है कि मुहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, उकसावे या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. राज्यभर में पुलिस और खुफिया एजेंसियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही