Hazaribagh News : संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को झारखंड के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में विभिन्न शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना है.
इस संबंध में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के प्रशासी पदाधिकारी ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं जिला शिक्षा अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं. निर्देश के अनुसार पहली से 12वीं कक्षा तक के सभी विद्यालयों में सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया जाएगा.
इसे भी पढ़ें:
साथ ही विद्यार्थियों को संविधान सभा के सदस्यों के व्यक्तित्व, विचारों और संविधान निर्माण में उनके योगदान की जानकारी दी जाएगी. कार्यक्रम के तहत विद्यालयों में पोस्टर निर्माण, चित्रकला एवं कोलाज प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी. विद्यार्थियों को संविधान की भावना से जुड़े बुकमार्क और बैज तैयार करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा.
इसके अलावा संविधान के ऐतिहासिक विकास तथा संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महापुरुषों के योगदान से बच्चों को परिचित कराया जाएगा.शिक्षा विभाग ने प्रत्येक जिले में नोडल पदाधिकारी नामित करने का निर्देश दिया है.
वहीं, कार्यक्रमों की तस्वीरें, वीडियो और विद्यार्थियों की सहभागिता से संबंधित आंकड़े निर्धारित गूगल ट्रैकर पर अपलोड करने को कहा गया है. विभाग ने सभी विद्यालयों को संविधान दिवस गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाने का निर्देश दिया है, ताकि नई पीढ़ी में लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व की भावना मजबूत हो सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

