Search

 
 
 

झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र आज से, MMDR और SIR  को लेकर सत्ता-विपक्ष में मोर्चाबंदी

confrontation over MMDR and SIR : दोनों सवालों पर पहले से सत्तारूढ़ दलों और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप होता रहा है. एमएमडीआर के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने राज्य व्यापी आंदोलन का रुख भी अख्तिय़ार किया था. सरकार का पक्ष है कि एमएमडीआर संशोधन कानून केवल झारखंड के खनिज राजस्व पर हमला नहीं है, बल्कि यह राज्यों के संवैधानिक अधिकार और वित्तीय स्वायत्तता को कमजोर करने का प्रयास भी है.
 

Ranchi (confrontation over MMDR and SIR) : झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुधवार से शुरु हो रहा है. इस सत्र में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विशेष चर्चा होगी.

 

सत्ता पक्ष ने इन दोनों मामलों में केंद्र सरकार की घेराबंदी की तैयारी कर रखी है. दोनों मामलों में झारखंड विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजा जा सकता है. इधर, विपक्ष ने भी सरकार को करारा जवाब देने के लिए मोर्चाबंदी कर रखा है. 

 

इन दोनों सवालों पर पहले से सत्तारूढ़ दलों और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप होता रहा है. एमएमडीआर के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने राज्यव्यापी आंदोलन का रुख भी अख्तिय़ार किया था. सरकार का पक्ष है कि एमएमडीआर संशोधन कानून केवल झारखंड के खनिज राजस्व पर हमला नहीं है, बल्कि यह राज्यों के संवैधानिक अधिकार और वित्तीय स्वायत्तता को कमजोर करने का प्रयास भी है.

 

इसे भी पढ़ें....

 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कई मौके पर इस संशोधन विधेयक को राज्य के हित और अधिकार पर हमला करार देते रहे हैं. इसके साथ ही वे कह चुके हैं कि इस संशोधन का लोकतांत्रिक, संवैधानिक और कानूनी तरीके से पुरजोर विरोध किया जाएगा. एक बयान में उन्होंने कहा था कि अगर केंद्र सरकार ने यह काला बिल वापस नहीं लिया तो झारखंड ऐसा बड़ा आंदोलन करेगा, जिसे पूरा देश देखेगा. 

 

दूसरी तरफ भाजपा भी सरकार और सत्तारूढ़ दलों के आरोपों का लगातार जवाब देती रही है. केंद्रीय स्तर पर भी झारखंड सरकार का विरोध बहस के केंद्र में रहा है. लिहाजा इस मुद्दे पर विशेष सत्र में दोनों पक्षों के बीच हंगामे के भी आसार हैं. 

 

इससे पहले सोमवार को सत्ता पक्ष व विपक्ष के विधायकों की अलग-अलग बैठकों में एमएमडीआर और एसआइआऱ पर बहस के लिए रणनीति तय की गयी है. सत्ता पक्ष के विधायकों की बैठकों में यह बात सामने आयी है कि एसआइआर पुनरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं. जबकि कई मामलों में सुनवाई बाकी है. जल्दबाजी में प्रक्रिया पूरी करने से आदिवासी और वंचित वर्ग के मतदाताओं के अधिकार प्रभावित होने की आशंका है. 

 

गौरतलब है कि एसआइआर को लेकर पिछले कुछ हफ्तों में दिल्ली में बड़े दायरे के विरोध प्रदर्शन किये जा चुके हैं. राहुल गांधी समेत इंडिया गठबंधन के नेता एसआइआर और चुनाव की प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुकत के इस्तीफे की मांग पर भी अड़े रहे हैं.

 

लिहाजा सत्तारूढ़ कांग्रेस, झामुमो राजद और भाकपा माले एसआइआर के मुद्दे पर सदन में विसंगतियां बताने का भरसक प्रयास करेंगे. हालांकि भाजपा विधायकों की सोमवार को हुई बैठक के बाद विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और प्रदेश अध्यक्ष विशेष सत्र को सत्ता पक्ष का राजनीतिक स्टंट बता चुके हैं. भाजपा का दावा है कि इन दोनों मुद्दों पर पार्टी सदन में भी सरकार को करारा जवाब देगी.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही