Ranchi News: रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के डिबडीह ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. बताया जा रहा है कि कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और इसके बाद स्ट्रीट लाइट के खंभे से जा भिड़ी. टक्कर के बाद कार सड़क के बीचों-बीच पलट गई.
हादसे के दौरान कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि स्ट्रीट लाइट का पोल भी टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया. दुर्घटना के बाद ओवरब्रिज पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा.
रास्ते में चल रहे लोगों ने बताया कि कार काफी तेज गति से जा रही थी. ओवरब्रिज पर पहुंचने के बाद चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण यह हादसा हुआ.
इसे भी पढ़ें -
राहगीरों ने कार सीधी कर युवकों को बाहर निकाला
हादसे के बाद आसपास मौजूद राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे. कार के पलट जाने के कारण उसमें सवार दोनों युवक अंदर फंस गए थे. लोगों ने मिलकर कार को सीधा किया और दोनों युवकों को बाहर निकाला.
बताया जा रहा है कि दोनों युवकों को गंभीर चोट नहीं लगी है. उन्हें मामूली खरोंचें आईं. घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी. साथ ही सड़क पर बाधित यातायात को सामान्य कराया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

