Search

 
 
 

Ranchi News : राष्ट्रीय खेल दिवस पर झारखंड के 35 हजार से अधिक स्कूलों में खेल उत्सव का आगाज

Ranchi News :35 हजार से अधिक विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में लाखों छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया.स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग, झारखंड तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश के आलोक में आयोजित कार्यक्रम के पहले दिन विद्यालय परिसर खेल और फिटनेस गतिविधियों से गुलजार रहे.
 
राष्ट्रीय खेल दिवस

Ranchi News : राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर गुरुवार को झारखंड में तीन दिवसीय खेल उत्सव का उत्साहपूर्ण आगाज हुआ. राज्य के सभी 24 जिलों के सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त व निजी विद्यालयों में खेलेगा भारत, जीतेगा भारत थीम पर विविध खेल व फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया. 

 

35 हजार से अधिक विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में लाखों छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया.स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग, झारखंड तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश के आलोक में आयोजित कार्यक्रम के पहले दिन विद्यालय परिसर खेल और फिटनेस गतिविधियों से गुलजार रहे. 

 

विद्यार्थियों ने ऊर्जावान 29 चैलेंज के तहत पुश-अप, स्किपिंग और प्लैंक जैसी गतिविधियों में अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया. वहीं पास द बॉल और स्पोर्ट्स बंधन जैसी सामूहिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने टीम भावना और आपसी सहयोग का संदेश दिया.

 

खेल व स्वास्थ्य के महत्व को रचनात्मक तरीके से सामने लाने के लिए विद्यालयों में स्लोगन व निबंध लेखन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं. इसके अलावा योग, मास पीटी, मार्शल आर्ट, रस्साकशी और तीरंदाजी जैसी गतिविधियों ने विद्यार्थियों में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाया.

 

शिक्षकों व शारीरिक शिक्षा शिक्षकों के मार्गदर्शन में राज्यभर के विद्यालयों में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की. कार्यक्रम का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों में नियमित शारीरिक गतिविधि, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली की आदतों को विकसित करना भी है.

 

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला में पहले दिन का आयोजन राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा. खेलेगा भारत, जीतेगा भारत के संकल्प के साथ झारखंड के विद्यार्थियों ने खेल और फिटनेस को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही