Search

 
 
 

Sports News : झारखंड वुमेंस टी-20 लीग का आगाज, उद्घाटन मैच में कोल्हान डायनामोज की जीत

झारखंड में महिला क्रिकेट के सबसे बड़े महाकुंभ 'झारखंड वुमेन्स टी-20 लीग' का रंगारंग आगाज हो चुका है. प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच से पहले एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने दर्शकों और खिलाड़ियों में जोश भर दिया.
 
  • कोल्हान डायनामोज ने छोटानागपुर ब्लास्टर्स को 8 विकेट से रौंदा

Ranchi :  झारखंड में महिला क्रिकेट के सबसे बड़े महाकुंभ 'झारखंड वुमेन्स टी-20 लीग' का रंगारंग आगाज हो चुका है. प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच से पहले एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने दर्शकों और खिलाड़ियों में जोश भर दिया.

 

इसके बाद मैदान पर शुरू हुए असली रोमांच में कोल्हान डायनामोज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छोटानागपुर ब्लास्टर्स को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर टूर्नामेंट में अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की.

Uploaded Image

 

छोटानागपुर ब्लास्टर्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 107 रनों का स्कोर खड़ा किया. टीम की ओर से प्रिया कुमारी ने सर्वाधिक 29 रनों (32 गेंद, 4 चौके, 1 छक्का) की पारी खेली. इसके अलावा रश्मी गुड़िया ने 17, प्रीति शर्मा ने 14 और देवयानी प्रसाद ने नाबाद 13 रन बनाए.

 

जबकि कप्तान शशि माथुर मात्र 10 रन ही बना सकीं. कोल्हान डायनामोज की कसी हुई गेंदबाजी के सामने छोटानागपुर की बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना सकीं. कोल्हान की ओर से ममता पासवान ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में मात्र 10 रन देकर 4 विकेट झटके. वहीं शिफा हसन ने 2 विकेट लिए.

Uploaded Image

जीत के लिए मिले 108 रनों के लक्ष्य को कोल्हान डायनामोज की टीम ने बेहद आसानी से 16.2 ओवरों में महज 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया. कोल्हान की इस एकतरफा जीत की स्टार दुर्गा मुर्मू रहीं, जिन्होंने 54 गेंदों पर 7 चौकों और 1 छक्के की मदद से 56 रनों की शानदार नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली.

 

सलामी बल्लेबाज आरुषि गोयल ने भी 26 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया. छोटानागपुर ब्लास्टर्स की तरफ से देवयानी प्रसाद ही एकमात्र गेंदबाज रहीं, जिन्हें 1 विकेट हासिल हुआ. ममता पासवान की कातिलाना गेंदबाजी और दुर्गा मुर्मू के बेहतरीन अर्धशतक के दम पर कोल्हान डायनामोज ने अंक तालिका में अपने सफर का आगाज जीत के साथ किया.

Uploaded Image

इस अवसर पर जेएससीए के कोषाध्यक्ष अमिताभा घोष जेएससीए के पूर्व अध्यक्ष संजय सहाय, पूर्व उपाध्यक्ष डॉ नरेंद्र सिन्हा, पूर्व संयुक्त सचिव पी एन सिंह, जेएससीए के कार्यकारणी सदस्य मिहिर प्रतिस टोपनो, संजय जैन, रमेश कुमार, धनबाद जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार, रांची जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव शैलेन्द्र कुमार, खूंटी जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अवधेश कश्यप के साथ-साथ जेएससीए के कई आजीवन सदस्य भी उपस्थित थे.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही