- महत्वपूर्ण जगहों पर लगाया गया QR Code
- पेट्रोलिंग में QR स्कैन करेंगे टाइगर पुलिस
- तीन साल से जमे जवानों का होगा तबादला
- छोटे हथियारों से फायरिंग की करेंगे प्रैक्टिस
- थाना प्रभारी को मॉनिटरिंग का जिम्मा
Ranchi News: अपराध नियंत्रण को लेकर एसएसपी ने टाइगर मोबाइल के अपसरों और जवानों के साथ बैठक की. गुरुवार को न्यू पुलिस लाइन स्थित यूसी झा हॉल में एसएसपी राकेश रंजन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आम नागरिक की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
इसे भी पढ़ें:
SSP ने लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए टाइगर मोबाइल पर सख्ती बढ़ा दी है. उन्होंने कहा वे अपने-अपने क्षेत्र में स्थित बैंक, एटीएम, ज्वेलरी शॉप, स्कूल, कॉलेज एवं अन्य संवेदनशील प्रतिष्ठानों के आसपास नियमित एवं सघन गश्ती सुनिश्चित करें.
जिला के सभी थाना क्षेत्रों में थाना के अनुसार महत्वपूर्ण स्थलों, जैसे स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, ज्वेलरी शॉप एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर QR Code लगाए गए हैं. टाइगर मोबाइल द्वारा उन स्थलों पर जाकर QR Code स्कैन करते हुए पेट्रोलिंग की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी.
वरीय पुलिस अधीक्षक ने टाइगर मोबाइल में तीन वर्ष से अधिक समय से कार्यरत पदाधिकारियों एवं कर्मियों का स्थानांतरण किया जाएगा तथा उनके स्थान पर नए पदाधिकारी एवं कर्मियों की पदस्थापना की जाएगी, ताकि टाइगर मोबाइल की कार्यप्रणाली में निरंतर प्रभावशीलता एवं नवीनता बनी रहे.
टाइगर मोबाइल में कार्यरत सभी पदाधिकारियों एवं सिपाहियों की छोटे हथियारों के साथ फायरिंग प्रैक्टिस अविलंब कराई जाएगी. सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्र में कार्यरत टाइगर मोबाइल के कार्यों का नियमित पर्यवेक्षण करेंगे. साथ ही क्षेत्र की आवश्यकता के अनुरूप कार्य-विभाजन, क्षेत्र-विभाजन एवं ड्यूटी समय का उचित निर्धारण सुनिश्चित करेंगे.
एसएसपी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया गया कि अपराध की रोकथाम, अपराधियों की पहचान एवं आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए टाइगर मोबाइल की गश्ती व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं सक्रिय बनाया जाए.
आर्म्स एक्ट, चोरी, NDPS, अवैध शराब, चेन स्नैचिंग, मोबाइल स्नैचिंग एवं ड्रग पेडलिंग जैसे अपराधों में संलिप्त अभियुक्तों तथा संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया जाएगा. इनके संबंध में सूचना एवं आसूचना का संकलन कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली, सभी पुलिस उपाधीक्षक, सभी थाना प्रभारी तथा टाइगर मोबाइल में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

