- सावन की तीसरी सोमवारी पर भीड़ बढ़ने से मची भगदड़
Lagatar Desk : बिहार के लखीसराय में सावन की तीसरी सोमवार पर बड़ा हादसा हुआ है. यहां प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में भगदड़ मचने से सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई है.
जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को इलाज के लिए लखीसराय सदर अस्पताल भेजा गया है. इनमें से कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
बिहार की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
अचानक भीड़ बढ़ने से मची भगदड़
लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार के अनुसार, सावन के तीसरे सोमवार को मंदिर में बड़ी भीड़ होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने पहले से सुरक्षा के इंतजाम किए थे. प्रशासन की टीम सुबह करीब 3:30 बजे से ही मंदिर परिसर में मौजूद थी.
शैलेंद्र कुमार के अनुसार, दो ट्रेनों के रुकने के बाद अचानक बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर की ओर पहुंच गए. पहले से मौजूद भीड़ के कारण दबाव बढ़ गया .
इस बीच सुबह करीब 6:40 से 6:45 बजे के बीच खेत की ओर लगी बैरिकेडिंग टूट गई. इसके बाद कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गए और भगदड़ की स्थिति बन गई.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया. प्रशासन ने तुरंत घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजना शुरू किया.
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं. राहत और बचाव कार्य जारी है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है. डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज में जुटी है.
प्रत्यक्षदर्शी ने प्रशासन पर उठाए सवाल
प्रत्यक्षदर्शियों ने प्रशासन के सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. कहा कि मंदिर के प्रवेश द्वार पर बांस की बैरिकेडिंग लगी थी. वहां करीब 100 लोग जबरन अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे. भीड़ के धक्का देने से कई लोग नीचे गिर गए और उनके ऊपर से लोग आगे बढ़ने लगे.
उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय मौके पर प्रशासन की पर्याप्त मौजूदगी नहीं थी. प्रवेश का रास्ता ढलान वाला था और भीड़ के दबाव में बांस की बैरिकेडिंग टूट गई. इसके बाद लोग नीचे गिरने लगे और भगदड़ मच गई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट में अपनी राय साझा करें.

