Business News : म्यूचुअल फंड सेक्टर में नए खिलाड़ियों की एंट्री अब आसान हो गई है. SEBI ने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है. अब निवेशकों को म्यूचुअल फंड शुरू करने के लिए अलग-अलग आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी. वहीं दूसरी तरफ SEBI ने सोशल मीडिया पर लाइव ट्रेडिंग के जरिए निवेश की सलाह देने वालों को लेकर भी निवेशकों को सतर्क किया है.
म्यूचुअल फंड रजिस्ट्रेशन के लिए अब एक ही फॉर्म
SEBI ने म्यूचुअल फंड शुरू करने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए एक कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म पेश किया है. पहले म्यूचुअल फंड के रजिस्ट्रेशन के लिए कई चरणों से गुजरना पड़ता था. इसमें पहले इन-प्रिंसिपल अप्रूवल और फिर फाइनल रजिस्ट्रेशन के लिए अलग-अलग आवेदन करना होता था.
अब इन प्रक्रियाओं को एक ही आवेदन में शामिल कर दिया गया है. नए फॉर्म में म्यूचुअल फंड के स्पॉन्सर, उसकी ओनरशिप, वित्तीय स्थिति, कॉरपोरेट गवर्नेंस, कंप्लायंस सिस्टम और प्रस्तावित AMC से जुड़ी जरूरी जानकारी एक साथ देनी होगी.
इस बदलाव से आवेदन प्रक्रिया आसान हो जाएगी और समय की भी बचत होगी. साथ ही रेगुलेटरी प्रक्रिया ज्यादा व्यवस्थित और पारदर्शी होने की उम्मीद है. हालांकि, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आसान होने के बावजूद निवेशकों की सुरक्षा और जरूरी कंप्लायंस नियमों से कोई समझौता नहीं किया गया है.
बिजनेस से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
निवेश सलाह देने के लिए रजिस्ट्रेशन जरूरी
SEBI को आशंका है कि इन माध्यमों से बिना रजिस्ट्रेशन के निवेश सलाह दी जा सकती है. रेगुलेटरी फर्म ने निवेशकों को याद दिलाया कि प्रतिभूति बाजार से जुड़ी निवेश सलाह देने के लिए नियामक के नियमों का पालन करना जरूरी है. केवल सोशल मीडिया पर खुद को एक्सपर्ट बताने से किसी व्यक्ति को निवेश सलाह देने का अधिकार नहीं मिल जाता है.
लाइव ट्रेडिंग को लेकर SEBI ने निवेशकों को किया सावधान
SEBI ने सोशल मीडिया पर चल रहे लाइव ट्रेडिंग सेशन को लेकर निवेशकों को सावधान किया है. SEBI के मुताबिक, सोशल मीडिया पर कुछ लोग खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ बताकर लाइव ट्रेडिंग के दौरान निवेश से जुड़े सुझाव दे रहे हैं.
इन सेशन में लोगों को यह बताया जाता है कि किसी शेयर में कब एंट्री करनी है, कब बाहर निकलना है और कौन-सी ट्रेडिंग रणनीति अपनानी चाहिए. कुछ मामलों में लाइव ट्रेडिंग करने वाले लोग अपने ट्रेड, मुनाफे, बाजार के रुझान और संभावित टारगेट भी दिखाते हैं. ऐसे सेशन को बड़ी संख्या में लोग देखते हैं और लाइव चैट के जरिए बातचीत भी होती है.
आंख मूंदकर भरोसा न करें निवेशक
SEBI ने निवेशकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर मिलने वाली लाइव ट्रेडिंग रणनीतियों और निवेश संबंधी दावों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें. खासकर ऐसे लोगों से सावधान रहना चाहिए जो बिना SEBI रजिस्ट्रेशन के शेयर खरीदने-बेचने की सलाह दे रहे हों.
निवेशकों को कारोबार करते समय केवल SEBI में पंजीकृत मध्यस्थों और अधिकृत निवेश सलाहकारों पर भरोसा करना चाहिए. सोशल मीडिया के किसी लाइव ट्रेडिंग सेशन को देखकर तुरंत निवेश का फैसला लेने से बचना ही बेहतर है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

