Search

 
 
 

रांची में 9 खेलों की राज्य स्तरीय खुली चयन प्रक्रिया 12 अगस्त को

70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2026-27 में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के चयन के लिए 12 अगस्त को रांची के खेलगांव में 9 खेलों की राज्य स्तरीय खुली चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी.
 

Ranchi : 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2026-27 में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के चयन के लिए 12 अगस्त को रांची के खेलगांव में 9 खेलों की राज्य स्तरीय खुली चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी.स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से आयोजित इस चयन प्रक्रिया में राज्य के सरकारी और निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले पात्र विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे.

 

चयन प्रक्रिया में कुश्ती, जिम्नास्टिक, योगासन, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, भारोत्तोलन, तैराकी, टेबल टेनिस और सॉफ्टबॉल शामिल हैं. विभिन्न खेलों में निर्धारित आयु वर्ग के खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा.

 

इन स्थानों पर होगी चयन प्रक्रिया

कुश्ती और जिम्नास्टिक: गणपत राय इंडोर स्टेडियम, खेलगांव. कुश्ती में अंडर-14/17/19 फ्री-स्टाइल

बालक तथा अंडर-17/19 ग्रीको-रोमन बालक हिस्सा लेंगे. जिम्नास्टिक में अंडर-14/17/19 बालक व बालिका खिलाड़ी भाग लेंगे.

योगासन: बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम के हॉल (वीवीआईपी एरिया) में अंडर-14/17/19 बालक व बालिका प्रतिभाग करेंगे.

हैंडबॉल और बास्केटबॉल: हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव. हैंडबॉल में अंडर-14/17/19 बालक व बालिका, जबकि बास्केटबॉल में अंडर-14/17/19 बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगी.

भारोत्तोलन: बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम स्थित वेटलिफ्टिंग हॉल में अंडर-17/19 बालक व बालिका खिलाड़ियों का चयन होगा.

तैराकी: खेलगांव स्थित स्वीमिंग स्टेडियम में अंडर-14/17/19 बालक एवं बालिका खिलाड़ी भाग लेंगे.

टेबल टेनिस: खेलगांव, रांची में अंडर-14/17 बालक एवं बालिका के लिए चयन प्रक्रिया होगी.

सॉफ्टबॉल: बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम के प्रैक्टिस ग्राउंड में अंडर-14 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा.

 

सुबह 7 से 10 बजे तक होगा पंजीयन

सभी 9 खेलों के लिए खिलाड़ियों का पंजीयन सुबह 7:00 बजे से 10:00 बजे तक किया जाएगा. चयन प्रक्रिया में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए संबंधित खेल के निर्धारित आयु वर्ग, पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों का पालन करना अनिवार्य होगा.

 

आयोजनकर्ताओं के अनुसार चयन प्रक्रिया संबंधित खेलों के निर्धारित नियमों और मानकों के आधार पर पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी.राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी-सह-आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग ने बताया कि 12 अगस्त को होने वाली सभी 9 खेलों की राज्य स्तरीय खुली चयन प्रक्रिया की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. खिलाड़ियों की सुविधा और चयन प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही