Dhanbad News : कोलांचल में दुर्गापूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. शहर के स्टील गेट स्थित दुर्गा पूजा समिति की ओर से शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत खूंटी पूजन किया गया. खूंटी पूजन के साथ ही क्षेत्र में दुर्गोत्सव की तैयारियों और उत्साह का माहौल और बढ़ गया है.
पूजा मंडप के समीप आयोजित खूंटी पूजन में समिति के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए.वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर मां दुर्गा से आगामी दुर्गोत्सव के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन की कामना की गई.

समिति के सदस्यों ने बताया कि स्टील गेट दुर्गा पूजा का आयोजन इस वर्ष 38वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है. इस बार करीब 40 लाख रुपये की लागत से भव्य पूजा का आयोजन किया जाएगा. इस वर्ष पूजा पंडाल विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा.
पंडाल को काल्पनिक मोर की आकर्षक थीम पर तैयार किया जाएगा.भव्य पंडाल निर्माण के लिए पश्चिम बंगाल से आए कारीगर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे. खूंटी पूजन के साथ ही पूजा समिति ने पंडाल निर्माण समेत अन्य तैयारियां शुरू कर दी हैं. समिति के अनुसार आने वाले दिनों में स्टील गेट क्षेत्र में दुर्गापूजा की रौनक और बढ़ेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

