Ranchi News: रांची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने चोरी के सोने-चांदी के आभूषण के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र के जारंगडीह निवासी 22 वर्षीय हरिशंकर पासी उर्फ हरिशंकर के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर की रात करीब 10 बजे वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर रांची-पुरुलिया मेन रोड पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. रात करीब 11:10 बजे रांची की ओर से एक स्कूटी पर दो युवक आते दिखाई दिए. संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया. पुलिस को देखते ही स्कूटी चालक स्कूटी मोड़कर भागने लगा.
पुलिस टीम ने पीछा कर स्कूटी चालक को पकड़ लिया, जबकि पीछे बैठा दूसरा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. पकड़े गए युवक से स्कूटी के कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. तलाशी लेने पर जेब से सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए.
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि 22 सितंबर की रात रिंग रोड किनारे गोदलीपोखर और टाटीसिलवे क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पीछे स्थित बंद घरों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए गए थे.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी और उसके साथी घूम-घूमकर चाकू, छुरी आदि में धार लगाने का काम करते थे. इसी दौरान वे बंद घरों की रेकी करते थे और रात में मौका देखकर ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देते थे.
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और फरार दूसरे व्यक्ति की तलाश की जा रही है. पुलिस ने छापेमारी में आरोपी के पास से सोने का टोप 1 जोड़ा, सोने की बाली 1 जोड़ा, चांदी का चाबी रिंग, 1 पीस, चांदी की चेन 3 पीस, दूल्हन पायल 1 जोड़ा, चांदी की बाली 1 जोड़ा, छोटे बच्चे की चांदी की पायल 1 जोड़ा, चांदी की मोती माला 1 पीस, चांदी की चेन 2 पीस, और स्कूटी को जब्त किया गया.
इस मामले में टाटीसिलवे थाना में मामला दर्ज कर पुलिस आगे की जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

