Dhanbad : रविवार 19 अप्रैल को आयोजित होने वाली झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है.
इसी कड़ी में उपायुक्त आदित्य रंजन ने शुक्रवार को न्यू टाउन हॉल में दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है.
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी जिससे किसी भी प्रकार की भीड़ या अव्यवस्था को रोका जा सके.
इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पूरी तरह प्रतिबंधित
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, पेजर, चिप या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. अभ्यर्थियों को केवल लेखन सामग्री के साथ ही प्रवेश की अनुमति होगी. प्रवेश के दौरान सघन जांच, फोटो युक्त पहचान पत्र से मिलान एवं बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य की गई है.
सिंगल गेट सिस्टम और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
सभी केंद्रों पर प्रवेश एवं निकास के लिए सिंगल गेट सिस्टम लागू रहेगा. उपायुक्त ने दंडाधिकारियों को पुलिस पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने तथा किसी भी स्थिति में परीक्षा केंद्र पर अव्यवस्था नहीं होने देने के निर्देश दिए.
कदाचार पर सख्त कार्रवाई
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या कदाचार पाए जाने पर संबंधित अभ्यर्थी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी. साथ ही भारतीय न्याय संहिता 2023 एवं झारखंड प्रतियोगिता परीक्षा अधिनियम, 2023 की संबंधित धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी.
मीडिया के प्रवेश पर रोक
प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर परीक्षा केंद्रों एवं स्ट्रांग रूम के आसपास मीडिया के प्रवेश पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया है. किसी भी परिस्थिति में मीडिया कर्मियों को परीक्षा परिसर, नियंत्रण कक्ष या प्रश्नपत्र भंडारण स्थल के पास जाने की अनुमति नहीं होगी.
पुलिस व प्रशासन अलर्ट मोड में
ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने सभी अधिकारियों को कंट्रोल रूम और नजदीकी थाने के संपर्क में रहने के निर्देश दिए.
वहीं, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने परीक्षा से पहले केंद्रों का निरीक्षण, सघन चेकिंग अभियान चलाने और अभ्यर्थियों की पहचान का सख्ती से सत्यापन करने का निर्देश दिया.
अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने केंद्रों पर रूम नंबर, सीटिंग प्लान, पेयजल, रोशनी, पंखे और पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा. एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद ने परीक्षा संचालन से जुड़े सभी प्रक्रियाओं पर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए.
दो पालियों में होगी परीक्षा, 17 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल
यह परीक्षा जिले के 46 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी. पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी. इसमें करीब 17 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे.
परीक्षा के दौरान अनुमंडल दंडाधिकारी एवं डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार के नेतृत्व में जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा. कंट्रोल रूम के नंबर 0326-2311807 और 112 जारी किए गए हैं. बैठक में अपर नगर आयुक्त कमलेश्वर नारायण, डीआरडीबी निदेशक राजीव रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, ट्रेजरी ऑफिसर पंकज कुमार सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment