- मुख्यालय से उपलब्ध जवानों के आधार पर होगी तैनाती
Palamu : पलामू समेत पूरे झारखंड में निकाय चुनाव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है. प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं.
इसी कड़ी में पूर्व हिस्ट्रीशीटर और सक्रिय अपराधियों को जिला बदर किया जाएगा. पुलिस ऐसे तत्वों की पहचान कर रही है, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सके.
वहीं आपराधिक छवि और इतिहास वाले लोगों के सत्यापन के लिए अभियान भी चलाया जा रहा है. जबकि कई लोगों को थाना हाजिरी के निर्देश दिए गए हैं. कई लोगों के खिलाफ दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 126 के तहत भी कार्रवाई की जा रही है.
कानून-व्यवस्था से नहीं किया जाएगा समझौता : एसपी
एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि आसामाजिक और आपराधिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है. पूर्व की चुनावों की भांति हिस्ट्रीशीटर और सक्रिय अपराधियों को जिला बदर भी किया जाएगा.
उनका कहना है कि किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा और मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा.
चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त
बता दें कि निकाय चुनाव के दौरान जिले में सभी मतदान केंद्रों पर सशस्त्र बलों की तैनाती की जाएगी. इसके अलावा 35 से अधिक क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) का गठन किया गया है. क्यूआरटी में इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी शामिल हैं.
एसपी, एसडीपीओ और संबंधित थाना प्रभारियों के पास अलग से क्यूआरटी टीम रहेगी. ये टीमें बाइक से गश्त करेंगी और उनके पास टियर गैस की भी व्यवस्था रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.
मुख्यालय से उपलब्ध जवानों के हिसाब से होगी सुरक्षा बलों की तैनाती
बताते चलें कि मंगलवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने प्रशासन से विशेष केंद्रीय जवानों की प्रतिनियुक्ति की मांग की थी. इस पर रीष्मा रमेशन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा बलों की तैनाती मुख्यालय से उपलब्ध कराए गए जवानों के अनुसार की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment