- मांगें नहीं मानी गयीं तो सीएम आवास के घेराव की चेतावनी
Ranchi: झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा का संचालन लगातार चौथे दिन भी प्रभावित रहा. हड़ताल पर डटे कर्मचारियों ने शुक्रवार को राज्य के विभिन्न जिलों से रांची पहुंचकर नामकुम स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया. खराब मौसम के बावजूद कर्मचारियों ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के बयान के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों पर सरकार से तत्काल निर्णय लेने की मांग की.
करीब 500 एंबुलेंस के कर्मचारी 18 नवंबर की रात आठ बजे से हड़ताल पर हैं. स्वास्थ्य मंत्री के बयान के बाद आंदोलनकारी कर्मचारियों ने अपनी रणनीति बदल दी है. अब अलग-अलग जिलों में प्रदर्शन करने के बजाय राज्यभर के कर्मचारी राजधानी रांची में ही आंदोलन करेंगे. कर्मचारियों ने शनिवार को राजधानी में मार्च निकालने और इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर मुख्यमंत्री आवास के समक्ष प्रदर्शन करने की घोषणा की है.
इसे भी पढ़ें -
कंपनी को हटाने और बकाया वेतन की मांग
आंदोलनरत कर्मचारियों की प्रमुख मांग सम्मान फाउंडेशन कंपनी को हटाने तथा लंबित राशि का भुगतान सुनिश्चित करना है. नई नियुक्तियों में एनएचएम की अनुमति अनिवार्य करने और शिकायतों की जांच में स्वास्थ्य विभाग, सिविल सर्जन तथा कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों को शामिल करने की भी मांग की गयी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

