Search

 
 
 

DSPMU में UGC Act 2026 को लेकर दो गुटों में बंटे छात्र, समर्थन और विरोध आमने-सामने

DSPMU (डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय) में UGC Act 2026 को लेकर माहौल पूरी तरह गरमा गया है
 

Ranchi :  DSPMU (डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय) में UGC Act 2026 को लेकर माहौल पूरी तरह गरमा गया है. एक ओर जहां इस एक्ट के खिलाफ छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी ओर इसी परिसर में छात्रों के एक अन्य समूह ने इस एक्ट के समर्थन में जमकर नारेबाजी की और केंद्र सरकार के समर्थन में जयकारे लगाए.

 


UGC Act 2026 के समर्थन में उतरे छात्रों का कहना है कि यह कानून पूरी तरह से छात्रों के हित में लाया गया है. समर्थन कर रहे छात्रों ने बताया कि कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में ST-SC सेल पहले से मौजूद रहे हैं, ऐसे में इस कानून को लेकर विरोध करना समझ से परे है. छात्रों का आरोप है कि विरोध करने वालों को असल में इस बात से आपत्ति है कि अब इस एक्ट में OBC वर्ग को भी शामिल किया गया है.

 

समर्थन में नारेबाजी कर रहे छात्रों ने यह भी बताया कि सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया में एक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई थी, जिसमें बीते 5 वर्षों में उत्पीड़न के मामलों में 118 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. छात्रों का कहना है कि इसी रिपोर्ट और गहन जांच के बाद नया एक्ट लाया गया है, लेकिन अब जब इस पर अमल किया जा रहा है तो कुछ लोगों को आपत्ति हो रही है.

 

छात्रों ने यह सवाल भी उठाया कि यदि यह कहा जा रहा है कि इस एक्ट के जरिए जनरल कैटेगरी को टारगेट किया जाएगा या उनका शोषण होगा, तो इसके ठोस प्रमाण सामने लाए जाएं. समर्थन कर रहे छात्रों ने DU के प्रोफेसर लक्ष्मण प्रसाद यादव और वर्ष 2016 में पीएचडी स्कॉलर रोहित वेमुला के मामले का उदाहरण देते हुए अपनी बात रखी.

 

UGC Act 2026 के समर्थन में खड़े छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस एक्ट को वापस लेती है, तो वे सरकार के खिलाफ जोरदार आंदोलन करेंगे और यह आंदोलन दिल्ली तक भी जा सकता है.एक ओर जहां जनरल कैटेगरी के छात्रों में इस एक्ट को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर अन्य वर्गों के छात्र खुलकर इसका समर्थन कर रहे हैं.

 

यह टकराव अब धीरे-धीरे राष्ट्रीय मुद्दे का रूप लेता जा रहा है. ऐसे में इस पूरे मामले पर केंद्र सरकार क्या फैसला लेती है, इस पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि यह मुद्दा दिन-प्रतिदिन और अधिक गर्माता जा रहा है.

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही