Ranchi: रांची सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने सर्वाइकल स्पाइनल कॉर्ड के जटिल ट्यूमर का सफल ऑपरेशन कर 57 वर्षीय महिला को नई जिंदगी दी है. औरंगाबाद की रहने वाली बिंदु देवी पिछले करीब तीन साल से इस बीमारी से परेशान थीं और लंबे समय से बिस्तर पर थीं.
ट्यूमर की वजह से उनके दोनों हाथों की ताकत लगभग खत्म हो गई थी. धीरे-धीरे पैरों में भी कमजोरी बढ़ गई थी. इलाज के लिए परिजन उन्हें बनारस के बीएचयू, पटना के कई बड़े अस्पतालों और एजीपीजीआई भी लेकर गए. करीब 7 से 8 लाख रुपये खर्च होने के बाद भी उनकी बीमारी का स्थायी इलाज नहीं हो सका.
इसके बाद बिंदु देवी को रांची सदर अस्पताल के न्यूरोसर्जरी विभाग में भर्ती कराया गया. जांच के बाद न्यूरोसर्जन डॉ. विकास और उनकी टीम ने ऑपरेशन करने का फैसला लिया. डॉक्टरों ने बताया कि ट्यूमर सर्वाइकल स्पाइनल कॉर्ड के अंदर था. ऐसे ऑपरेशन में स्पाइनल कॉर्ड को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है. इसलिए यह सर्जरी काफी चुनौतीपूर्ण थी.
इसे भी पढ़ें -
डॉ. विकास के नेतृत्व में ऑपरेशन सफल रहा. ऑपरेशन के दो से तीन दिन बाद ही मरीज के हाथों और पैरों में ताकत लौटने लगी. अब वह अपने दोनों हाथ पूरी तरह उठा पा रही हैं. परिजनों ने कहा कि लंबे समय बाद उनकी हालत में सुधार आया है और यह उनके लिए नई जिंदगी जैसा है. ऑपरेशन में एनेस्थीसिया टीम की डॉ. ज्योतिका के साथ रामिज, सोहेल, संजू, अमन, पूनम और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भी अहम भूमिका निभाई.
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि सदर अस्पताल में इतनी जटिल न्यूरोसर्जरी का सफल होना सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए बड़ी उपलब्धि है. इससे गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों में कम जाना पड़ेगा. डीएस डॉ. विमलेश सिंह ने कहा कि अस्पताल की विशेषज्ञ टीम लगातार बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि जटिल मरीजों को समय पर विशेषज्ञ इलाज उपलब्ध कराना अस्पताल की प्राथमिकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment