Supaul : जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र स्थित सिमराही दुर्गा मंदिर के पास मंगलवार की सुबह एक महिला अपनी छोटी बेटी को गोद में लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई. सुबह करीब चार बजे हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. टावर पर महिला और उसकी बच्ची के चढ़ने की खबर से मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीरों की भीड़ जुट गई.
टावर पर चढ़ी महिला गुड्डी देवी ने बताया कि करीब दस साल पहले दिल्ली-गुरुग्राम में मजदूरी के दौरान उसकी मुलाकात राघोपुर के मोतीपुर निवासी अमरेंद्र ठाकुर से हुई थी. दोनों ने लव मैरेज किया था और उनका एक 12 साल का बेटा भी है.
महिला का आरोप है कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है और उसे घर से निकाल दिया है. उसका कहना है कि वह लंबे समय से न्याय के लिए अधिकारियों और पुलिस के चक्कर लगा रही है, लेकिन उसकी कहीं सुनवाई नहीं हुई. इसी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और महिला को टावर से सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए. अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के जरिए उससे बातचीत की और भरोसा दिलाया कि उसकी शिकायतों की जांच की जाएगी.
हालांकि महिला की मांग थी कि डीएम और एसपी खुद मौके पर आएं और उसे न्याय का भरोसा दें, तब वह नीचे उतरेगी. करीब चार घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला. इसके बाद महिला अपने बच्चे के साथ नीचे उतरी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

