Search

सदन में गरजे सुरेश पासवान, देवघर में अंबेडकर व शिबू सोरेन के नाम पर मेडिकल कॉलेज की मांग

Ranchi: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान देवघर के विधायक सुरेश पासवान ने राज्य सरकार की नीतियों का समर्थन करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार को गरीबों और वंचितों की सरकार बताया और कहा कि यह सरकार किसानों, मजदूरों और जरूरतमंद लोगों के हित में लगातार काम कर रही है.

 

झारखंड विधानसभा के बजट सत्र की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

 

सुरेश पासवान ने सदन में कहा कि हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में काफी सुधार हुआ है. उन्होंने कहा कि पहले अस्पतालों में कई जरूरी सुविधाओं की कमी थी, लेकिन अब अस्पताल साफ-सुथरे और बेहतर सुविधाओं से लैस नजर आते हैं. उन्होंने बताया कि पहले एक्स-रे और एमआरआई जैसी मशीनों का अभाव था, लेकिन अब राज्य में इनकी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.

 

उन्होंने केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना की आलोचना करते हुए कहा कि इस योजना के तहत कई बड़े अस्पतालों में मरीजों को इलाज नहीं मिल पाता है. इसके मुकाबले राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजना के तहत गरीबों को 10 लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा दी जा रही है.

 

 

 

विधायक ने पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में गरीबों, किसानों और बीमार लोगों के लिए कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई थी. उन्होंने कहा कि उस समय एक योजना के दौरान 112 लोगों की जान चली गई थी, लेकिन विपक्ष केवल आरोप लगाने का काम कर रहा है.

 

सुरेश पासवान ने राज्य में नए मेडिकल कॉलेज खोलने की योजना की भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पहले चरण में जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद और खूंटी में मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में गोड्डा, साहिबगंज, सरायकेला-खरसावां और लातेहार में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे.

 

उन्होंने अपने क्षेत्र देवघर के लिए भी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं. उन्होंने कहा कि देवघर में बाबा भीमराव अंबेडकर के नाम पर एक मेडिकल कॉलेज खोला जाना चाहिए. इसके साथ ही दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नाम पर भी एक मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जानी चाहिए. उन्होंने श्रावणी मेला में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए देवघर के टावर चौक स्थित पुराने अस्पताल परिसर में ट्रॉमा सेंटर बनाने की भी मांग की. अपने भाषण के अंत में उन्होंने कहा कि जब विपक्ष के लोग बीमार पड़ेंगे तो उनका बेहतर इलाज भी इन्हीं सरकारी अस्पतालों में होगा.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp