Jamtara News: रेलवे ट्रैक पर प्रेमी युगल के शव मिलने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने घटना पर ऑनर किलिंग की आशंका जताते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके.
इसे भी पढ़ें:
गौरतलब है कि 24 और 25 अक्टूबर की दरमियानी रात विद्यासागर-मदनकट्टा रेलखंड के नवाडीह-दुर्गापुर के पास रेलवे ट्रैक पर 20 वर्षीय युवक रॉकी कुमार मंडल और 17 वर्षीय युवती नाजिया खातून के शव मिले थे. दोनों जामताड़ा जिले के करमाटांड़ प्रखंड अंतर्गत रिंगोचिंगो गांव के रहने वाले बताए गए हैं. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. अलग-अलग समुदाय से होने के कारण उनके परिजनों की ओर से शादी को लेकर असहमति की बात भी सामने आई है.
बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पर घटना को दुखद और गंभीर बताते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया मामला ऑनर किलिंग का प्रतीत होता है. हालांकि, मौत के कारणों को लेकर अभी अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है. उन्होंने पुलिस से घटनास्थल की जांच के साथ तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की गहनता से पड़ताल करने की मांग की.
उन्होंने कहा कि यदि यह ऑनर किलिंग का मामला साबित होता है, तो यह केवल दो जिंदगियों की हत्या नहीं, बल्कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता और मानवीय अधिकारों पर भी गंभीर प्रहार होगा.
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई जांच का आदेश देने की अपील की. उनका कहना है कि जांच किसी भी तरह के दबाव या प्रभाव से मुक्त होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आए और पीड़ितों को न्याय मिल सके.
घटना के बाद प्रेमी युगल की सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई तस्वीर और रील की भी चर्चा हो रही है. वायरल बताई जा रही एक तस्वीर में युवक ने कथित तौर पर अपनी मौत के बाद दोनों को साथ में दफनाने की इच्छा जताई थी. वहीं, दोनों के कथित तौर पर मंदिर में विवाह करने की बात भी सामने आई है. हालांकि, इन परिस्थितियों और मौत के बीच संबंध की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.
फिलहाल, घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. पुलिस जांच में ही स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कोई अन्य कारण था या नहीं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

