Lagatar Desk: टी20 वर्ल्ड कप में सभी की निगाहें कल यानी 8 मार्च, रविवार को होनी वाली फाइनल मुकाबले पर होगी. यह फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच शाम 7 बजे से खेला जाएगा. इस फाइनल मुकाबले के लिए विशेष तैयारियां की गई है. मुकाबला शुरू होने से पहले कई कलाकार रंगारंग कार्यक्रम में अपना जलवा बिखेरेंगे.
ICC ने जारी की लिस्ट
समापन समारोह में प्रस्तुति देने वालों कलाकारों की ICC ने लिस्ट जारी कर दी है. जिसमें इंटरनेशनल पॉप सिंगर रिकी मार्टिन के अलावा भारतीय गायक सुखबीर और फाल्गुनी पाठक का नाम भी शामिल है. पॉप और देशी संगीत के तड़के से कल पूरा स्टेडियम गूंजेगा. सभी स्टार कलाकार का लाइव परफॉर्मेंस शाम 5:30 बजे से शुरू होगी.
टीम इंडिया ने बदला होटल
भारतीय टीम का अहमदाबाद में भी टीम का होटल बदल दिया गया है. दरअसल, भारतीय टीम को पिछले दो बड़े मुकाबले में शहर के पहले वाले होटल में ठहरने के दौरान हार का सामना करना पड़ा था. पहला साल 2023 में वनडे वर्ल्ड कप फाइनल और दूसरा इस साल सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में टीम हार गई थी. इसी को देखते हुए टीम प्रबंधन ने होटल बदलने का फैसला लिया है.
बता दें, भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है. इससे पहले साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब अपने नाम किया था. इस बार फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स व्हार्फ अंपायरिंग करेंगे.
इंग्लैंड को हराकर बनाई जगह
भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह पक्की की. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया सेमीफाइनल मुकाबला काफी रोमांचक रहा. दर्शक अंतिम ओवर में सांसें थामे हर गेंद पर जीत का इंतजार कर रहे थे. इस तरह भारतीय टीम वर्ल्ड कप टी-20 फाइनल में चौथी बार पहुंचने वाली पहली टीम बन गई. इससे पहले भारतीय टीम साल 2007, 2014 और 2024 में फाइनल मुकाबला खेल चुकी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment