Search

 
 
 

तमिलनाडु : अनियंत्रित सरकारी बस ने दो कारों को रौंदा, 9 की मौत, 4 घायल, CM ने की आर्थिक मदद की घोषणा

तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले में बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. यहां एलुथुर गांव के पास त्रिची-चेन्नई नेशनल हाईवे पर तमिलनाडु स्टेट ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन की बस अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चली गई और दो कारों को जोरदार टक्कर मार दी.  इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई. जबकि 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
 

Lagatar Desk :  तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले में बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. यहां एलुथुर गांव के पास त्रिची-चेन्नई नेशनल हाईवे पर तमिलनाडु स्टेट ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन की बस अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चली गई और दो कारों को जोरदार टक्कर मार दी.  इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई. जबकि 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

 

सीएम ने हादसे पर जताया शोक

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों को 3-3 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी. सीएम ने अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. 

 

टायर फटने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार,  तमिलनाडु स्टेट ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन की बस तिरुचिरापल्ली से चेन्नई जा रही थी. तभी स्टेट हाईवे पर बस का टायर फटने से चालक का नियंत्रण बिगड़ गया. इसके बाद बस डिवाइडर पार कर विपरीत लेन में चली गई, जहां सामने से आ रही दो कारें उसकी चपेट में आ गईं.

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और बस के नीचे फंस गईं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही तित्ताकुडी और रामनाथम थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया.

बस और कारों के नीचे फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. पुलिस के अनुसार, दोनों कारों में सवार 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी. जबकि 2 अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मृतकों में 5 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं. 

इस हादसे में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें 2 बच्चे भी बताए जा रहे हैं. इन्हें एंबुलेंस की मदद से तित्ताकुडी और पेरंबलूर के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. 

हाईवे पर यातायात प्रभावित

दुर्घटना के चलते चेन्नईतिरुचि मार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया. भारी वाहनों की आवाजाही बाधित रही, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई. करीब दो घंटे बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया, तब जाकर यातायात बहाल हो सका. 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही